51 लाख रुपये की अफीम के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, युवाओं को लगा रहे थे नशे की लत

हापुड़/उत्तर प्रदेश। मेरठ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स व गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से करीब 51 लाख रुपये की कीमत की 5.10 किलोग्राम अफीम, तीन मोबाइल फोन व 2030 रुपए बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपित जिला बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के नई बस्ती रामलीला मैदान के पास रहने वाला अजय मिश्रा व पिंटू मिश्रा हैं। आरोपितों के खिलाफ गढ़मुक्तेश्वर थाना पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रभारी सीओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार रात उन्हें सूचना मिली थी कि थाना गढ़मुक्तेश्वर के एनएच-09 स्थित पप्पन जी पराठा ढाबा के पास मणिपुर राज्य का एक तस्कर दो अन्य तस्करों को अफीम तस्करी करने के लिए आने वाला है। सूचना पर उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी विनोद पांडेय से संपर्क साधा। जिसके बाद दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। बृहस्पतिवार तड़के करीब पांच बजे टीम ने ढाबे के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों से 5.10 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। छानबीन करने पर पता चला कि बरामद अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 51 लाख रुपए है।
आरोपित अजय मिश्रा व पिंटू मिश्रा ने पुलिस को बताया कि मणिपुर के अफीम तस्कर से वह अक्सर हाइवे किनारे खुले ढाबों पर अफीम की खेप लेते हैं। आरोपित का नाम व पता उन्हें मालूम नहीं है। आरोपित से अफीम लेकर वह उसकी तस्कर विभिन्न राज्यों के जिलों में करते हैं। अफीम तस्करी से होने वाले मुनाफे को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते हैं। सीओ ने बताया कि दोनों आरोपित नशील पदार्थों की खरीद-फरोख्त के साथ ही युवाओं को भी नशे का आदी बना रहे थे। पहले आरोपित नशीले पदार्थों को युवाओं को भी मुफ्त में थोड़ी मात्रा में अफीम देकर नशा कराते थे। एक बार नशे का आदी होने के बाद आरोपित ऐसे युवाओं को नशीले पदार्थ देने के लिए मुंहमांगी कीमत वसूलते थे। इसके अलावा व छोटे तस्करों को भी अफीम की सप्लाई करते थे। गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वह दिल्ली एनसीआर समेत विभिन्न राज्यों में अफीम की तस्करी कर रहे थे। इस धंधे में कई अन्य लोग भी उनके साथ जुड़े हैं। सीओ ने बताया कि जो भी आरोपित इस धंधे से जुड़े होंगे उन्हें गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जाएगा।




