खौफ कायम करने के लिए रील बनाती हैं किलर क्वीन गैंग, तीन लड़कियों को किया गिरफ्तार
'किलर क्वीन' गैंग की सुंदरियों ने दिखाया शमशान में ट्रेलर तो हिल गए लोग

जबलपुर/मध्य प्रदेश। किलर क्वीन गैंग… जबलपुर में इन दिनों इस गैंग की चर्चा खूब है। इस गैंग में कुछ लड़कियां हैं जो खौफ कायम करने के लिए रील बनाती हैं। हाल ही में एक लड़की के साथ मारपीट करते हुए इनका एक वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस की टीम एक्शन में आ गई है। साथ ही सख्त कार्रवाई की है।
दरअसल, किलर क्वीन गैंग जबलपुर में एक्टिव है। इस गैंग में कई लड़कियां हैं। कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर किलर क्विन आईडी के नाम से एक वीडियो पोस्ट किया गया। इस वीडियो में शमशान घाट के करीब एक लड़की से मारपीट कर रही है। क्विन गैंग की एक सदस्य एक लड़की को मार रही है। वह बाल पकड़कर जमीन पर पटकती है। गर्दन और सीने पर लात से वार करती है। वीडियो में एक अन्य लड़की दिख रही है जो कुछ चिल्ला रही है और तीसरी लड़की मारते हुए वीडियो बना रही है। पिटाई का वीडियो पोस्ट करते हुए किलर क्वीन ने अपनी आईडी पर लिखा कि घाव एक ही दिन देंगे लेकिन गहरा देंगे। बायो में लिखी है कि डॉन बोलते डार्लिंग शहर में। बताया जा रहा है कि इस गैंग की लड़कियों ने खौफ कायम करने के लिए ऐसा किया है। इसके साथ ही चाकू के वीडियो भी इसने पोस्ट किए हैं।
वहीं, वीडियो वायरल होने और पीड़ित की शिकायत पर ग्वारीघाट थाने की पुलिस ने कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की शिकायत है कि मुक्ति धाम के पास तीन-चार लड़कियों ने उसके साथ मारपीट की है। जांच में घटना सही पाई गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद तीनों लड़कियों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों लड़कियां जबलपुर में किराए से रहती हैं। इनका पूर्व में कोई आपराधिक रेकॉर्ड सामने नहीं आया है। बाकी मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि तीनों घामापुर की रहने वाली हैं और गौरी घाट के पास अभी किराए से रहती हैं।




