नंद नगरी में नाबालिग ने 16 साल की लड़की पर चाकू से किए वार, जीटीबी अस्पताल में इलाज जारी

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में 6 अगस्त की रात एक खौफनाक वारदात हुई। एक नाबालिग ने 16 साल की लड़की पर चाकू से ताबड़तोड़ नौ वार कर दिए। पेट, छाती, कंधे, हाथ और हथेली बुरी तरह जख्मी हो गए। लड़की का इलाज जीटीबी अस्पताल में हो रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। चार दिन बीतने के बावजूद लड़की को होश नहीं आया है, फिलहाल उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है जो फरार है।
पुलिस अफसरों ने बताया कि नंदनगरी थाने में बुधवार रात 9:45 बजे एक महिला ने कॉल किया कि बेटी को पड़ोस के लड़के ने चाकू मारे हैं। एसआई महेश कुमार और सिपाही शिव कुमार सुंदर नगरी स्थित वारदात स्थल पर गए। लड़की को जीटीबी अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने डॉक्टरों से मेडिकल रिपोर्ट हासिल की, जिसमें 16 साल की लड़की के शरीर पर छुरे के नौ घाव दर्ज थे। गंभीर रूप से घायल लड़की अचेत हालत में थी। पुलिस को कोई चश्मदीद नहीं मिला तो डीडी एंट्री के आधार पर ही मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 16 साल की लड़की को पड़ोस के रहने वाले नाबालिग ने सुंदर नगरी स्थित डॉ. बिश्वास डेंटल क्लिनिक के पास चाकू मारे थे। पूछताछ में पता चला कि लड़की सुंदर नगरी इलाके में रहती है। पीड़ित लड़की अपनी बहनों में सबसे छोटी है, जिसकी दोस्ती पड़ोसी लड़के से है। इसी लड़के के छोटे भाई ने बुधवार रात अपने बड़े भाई की दोस्त नाबालिग लड़की पर हमला किया।
पुलिस अफसरों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला कि हमलावर नाबालिग है। वह फिलहाल फरार है, जिसके साथ उसके बड़ा भाई और पिता भी गायब है। पिता गांधी नगर में सिलाई का काम करते हैं। मां गृहणी हैं, जो अकेली घर में रह रही हैं। तीनों की तलाश में छापेमारी चल रही है। इन तीनों के पकड़े जाने और नाबालिग लड़की के होश में आने के बाद हमले की वजह का खुलासा हो सकेगा। लड़की की हालत गंभीर होने से परिजन परेशान है, जिनका कहना है कि उन्हें भी नहीं पता हमला क्यों किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button