नंद नगरी से गगन सिनेमा तक छह लेन फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया लोकार्पण

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। नंदनगरी से गगन सिनेमा चौक के बीच वजीराबाद रोड पर बना छह लेन का फ्लाईओवर रविवार को जनता के लिए खोल दिया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा, सांसद मनोज तिवारी और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट के साथ इसका उद्घाटन किया। दिल्ली सरकार का कहना है कि फ्लाईओवर के शुरू होने से क्षेत्र के लाखों लोगों को जाम से निजात मिली है। वहीं, दिल्ली से गाजियाबाद की आवाजाही में भी सुधार होगा। इस फ्लाईओवर का नंदनगरी, गोकुलपुरी, सीलमपुर, भजनपुरा, करावल नगर और यमुना विहार जैसे इलाकों के लोग लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे थे। यहां से गुजरने वाले यात्रियों को रोजाना गगन सिनेमा और नंदनगरी चौक पर भारी जाम का सामना करना पड़ रहा था। सुबह दफ्तर जाने और शाम को घर लौटने के समय यह जाम कई-कई किलोमीटर लंबा हो जाता था। फ्लाईओवर खुलने से सबसे ज्यादा राहत दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों, और गाजियाबाद की ओर से आने-जाने वाले वाहन चालकों को मिलेगी। ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों को भी बड़ा फायदा होगा। मालवाहक ट्रकों को अब पहले की तरह चौराहों पर लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे माल ढुलाई समय पर होगी और परिवहन लागत में भी कमी आएगी।
दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि फ्लाईओवर शुरू होने के बाद जाम से निजात मिलेगी। हर साल करीब 856 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन घटेगा। यह उतना ही है जितना 35 हजार पेड़ सालभर में सोख सकते हैं। इसके अलावा हर दिन लगभग 8.06 लाख रुपये का ईंधन बचेगा और करीब 14,667 घंटे यात्रियों का कीमती समय बचेगा। फ्लाईओवर खुलने के साथ ही नंदनगरी और गगन सिनेमा चौक पर सिग्नल हटा दिए गए हैं। चौराहों पर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए कई यू-टर्न बनाए गए हैं। नंदनगरी के पास स्थित मीडियन रोड और आईजीएल सीएनजी पंप की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है। अब इन स्थानों तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक यू-टर्न का इस्तेमाल करना होगा। इससे ट्रैफिक फ्लो लगातार बना रहेगा। छह लेन के फ्लाईओवर की लंबाई 1.5 किलोमीटर और चौड़ाई 22 मीटर है। सड़क पर ऊर्जा बचाने के लिए एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं जिससे 35 फीसदी बिजली की बचत होगी। साथ ही, वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) के मानकों के तहत की गई है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि इससे स्थानीय भूजल स्तर को फायदा पहुंचेगा।
लेकिन अभी अड़चन बरकरार
सिग्नेचर ब्रिज से गाजियाबाद के भोेपूरा तक की आवाजाही के लिए नया फ्लाईओवर शुरू होने के बाद भी मार्ग पूरी तरह सिग्नल फ्री नहीं हुआ है। नए फ्लाईओवर के लिए नंदनगरी और गगन सिनेमा चौक पर दो सिग्नल बंद कर दिए गए हैं लेकिन इसी मार्ग पर डबल डेकर फ्लाईओवर का भी निर्माण हो रहा है। इसका काम पूरा होने के बाद ही लोगों की राह आसान हो पाएगी। दरअसल, गाजियाबाद के पास भोपुरा बॉर्डर से सिग्नेचर ब्रिज तक लगभग सात किलोमीटर के सफर को सिग्नल फ्री करने के लिए दो फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई गई थी। इसमें नंद नगरी और गगन सिनेमा चौक का सिग्नल बंद करने के लिए फ्लाईओवर और भजनपुरा सिग्नल को खत्म करने के लिए डबलडेकर फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है। अभी नंदनगरी फ्लाईओवर जनता के लिए सौंपा गया है जबकि डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसका निर्माण पीडब्ल्यूडी और दिल्ली मेट्रो मिलकर कर रहे हैं। ऊपर वाले हिस्से पर मेट्रो चलेगी जबकि नीचे वाले वायाडक्ट पर यातायात चलेगा। अधिकारियों ने बताया कि नंदनगरी से गगन सिनेमा फ्लाईओवर जहां खत्म होगा, उसके आगे लोनी गोलचक्कर फ्लाईओवर पहले से है। फिर गोकलपुर फ्लाईओवर मिलेगा। इसके बाद भजनपुरा सिग्नल को खत्म करने के लिए मेट्रो के साथ डबलडेकर फ्लाईओवर बन रहा है।





