बांदा मेडिकल कॉलेज से गायब हुई महिला, नग्न अवस्था में कैंपस में ही मिली लाश

बांदा/उत्तर प्रदेश। बांदा जिले में स्थित रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी वार्ड से अचानक लापता हुई प्रसूता महिला की लाश 24 घंटे बाद मेडिकल कॉलेज कैंपस में ही रेजिडेंसी बिल्डिंग के सामने नालियों में मिली है। मेडिकल कॉलेज परिसर में ही लाश पाए जाने से हड़कंप मच गया है। मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इस घटना से कॉलेज प्रशासन की लापरवाही उजागर हो गई है।
तीन नवंबर को महिला को भर्ती कराया गया था
जिले के अतर्रा थाना अंतर्गत ग्राम अनथुआ निवासी रामसेवक की धर्मपत्नी पंचवटी (40) डिलिवरी के लिए 3 नवंबर को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती की गई थी। अगले ही दिन उसने बेटी को जन्म दिया था। मंगलवार को डिस्चार्ज होने से पहले उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिस पर डॉक्टर ने इमरजेंसी में भर्ती किया और इंजेक्शन लगाए थे। रात में पति और उसकी बड़ी भाभी प्रेमा देखरेख करने के लिए रुके थे। सुबह जब पति और जेठानी की नींद खुली तो पंचवटी बेड से गायब थी। उसकी खोजबीन की तो कहीं पता नहीं चला। सीसीटीवी फुटेज देखा गया तो 5:42 बजे पर गेट से बाहर निकलती हुई दिखाई दी।
अस्पताल प्रबंधन कहता रहा कि मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं
मेडिकल कॉलेज कैंपस में जिस स्थान पर लाश मिली है, वहां पर मृतका के पति रामसेवक और देवर जगदीश ने कम से कम 20 बार खोजबीन की थी। तब वहां लाश नहीं थी। बुधवार सुबह 5:42 बजे सीसीटीवी कैमरे पर महिला को गेट से निकलते हुए देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने इस संबंध में अस्पताल के डॉक्टरों और अन्य स्टाफ से पूछताछ की, लेकिन सभी ने मृतक के परिवारजनों को दोषी ठहराया था। इनका कहना था कि अपने मरीज की निगरानी स्वयं करनी थी। अब मरीज गायब हो गया तो अस्पताल की कोई जिम्मेदारी नहीं है।
पुलिस देती रही रटा रटाया जवाब
यह एक बड़ा सवाल है कि मेडिकल कॉलेज कैंपस में ही पुलिस चौकी है। परिजनों ने पुलिस को घटना की कुछ ही घंटे बाद मरीज के गायब होने की जानकारी दी थी। इसके बाद भी पुलिस सिर्फ रटा रटाया जवाब दे रही थी कि पुलिस लापता मरीज की तलाश कर रही है। क्या पुलिस ने अस्पताल परिसर में खोजबीन नहीं की। अगर खोजबीन की थी तो फिर लाश वहां कहां से आ गई। यही सवाल परिजन भी कर रहे हैं कि जहां पर हमने 20 बार खोजबीन की, वही पर आज गुरुवार को लाश कहां से आ गई। इस बारे में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर एसके कौशल ने बताया कि महिला मरीज के गायब हो जाने के बाद हमारे कर्मचारियों ने भी मेडिकल कॉलेज के संभावित स्थानों पर खोजबीन की थी, उस स्थान पर भी देखा गया था, जहां आज लाश मिली है। लाश यहां कैसे पहुंची और घटना क्या हुई है, यह पुलिस जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button