साहिबाबाद थाने में खड़ी गाड़ियों में लगी भीषण आग, कई वाहन जलकर हुए राख

गाजियाबाद ब्यूरो। साहिबाबाद थाने में विभिन्न मुकदमों के 500 से अधिक जब्त और सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों में बुधवार रात करीब 12:45 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए श्याम पार्क मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट तक पहुंच गई। गनीमत रही कि मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट में कोई यात्री मौजूद नहीं था। वरना धुएं से दम घुटने पर बड़ा हादसा भी हो सकता था।अग्निशमन की कई गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। साहिबाबाद थाने में मुख्य गेट के बाएं तरफ पार्किंग एरिया में अलग-अलग मामलों के वाहन खड़े हैं। पुलिस ने जब्त वाहनों की अधिक संख्या होने की वजह से चार पहिया वाहनों को एक दूसरे के ऊपर रखवाया हुआ है जबकि दो पहिया वाहन अधिक पुराने होने की वजह से गल चुके हैं। बुधवार रात करीब 12:45 इन वाहनों में अचानक धुंए के साथ आग की लपटें उठने लगीं।




