पटना में डोमिनोज के 160 खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट, मैकडॉनल्ड्स को सात दिन की मोहलत
बिहार में इन दिनों खाद्य सुरक्षा विभाग एक्टिव हो गया है। पटना में मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज़ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान डोमिनोज़ में 160 खराब पिज्जा नष्ट किया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर 14 दिनों का सुधार नोटिस देते हुए स्वच्छता, कीट नियंत्रण और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण का निर्देश दिया गया।

पटना,एजेंसी। बिहार के स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण अभियान को तेज कर दिया है। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर 17 अक्टूबर 2026 को पटना के मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट और डोमिनोज के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान डोमिनोज के दो प्रतिष्ठानों में करीब 160 खराब पिज्जा स्क्रीन पाए गए, जिन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं, निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी।
पूर्वी गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट के निरीक्षण में भंडार गृह की साफ-सफाई संतोषजनक मिली और कर्मचारियों के चिकित्सकीय प्रमाणपत्र भी उपलब्ध पाए गए। हालांकि, कचरे का डिब्बा खुला था और मुख्य दरवाजे पर कीट नियंत्रण के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नहीं लगा था। सार्वजनिक मेनू कार्ड पर खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। इन कमियों को दूर करने के लिए प्रतिष्ठान संचालक को सात दिनों की समय-सीमा दी गई है। साथ ही कचरे के डिब्बे को ढककर रखने और कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कदमकुआं स्थित एम्बिशन ओझा प्लाजा और कंकड़बाग के लोहिया नगर स्थित डोमिनोज के निरीक्षण में भी कई खामियां सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों में जल निकासी व्यवस्था, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं थी। डीप फ्रीजर के तापमान की निगरानी से संबंधित लॉग बुक और स्टोर में कच्चे माल का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था।
निरीक्षण के दौरान लोहिया नगर स्थित डोमिनोज में करीब 110 और एम्बिशन ओझा प्लाजा स्थित प्रतिष्ठान में करीब 50 खराब पिज्जा स्क्रीन मिले। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38(4) के तहत इन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर नष्ट करा दिया गया।
इसके अलावा, दोनों प्रतिष्ठानों को शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ अलग-अलग रखने के निर्देश दिए गए। जांच में पानी जमा होने, ग्राहकों के इस्तेमाल के लिए रखी सॉस की बोतलों की समुचित सफाई नहीं होने तथा कीट नियंत्रण रिपोर्ट में निर्धारित तिथि का उल्लेख नहीं होने जैसी कमियां भी पाई गईं। अधिकारियों ने जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी प्रदर्शित करने तथा तापमान लॉग बुक, कच्चे माल के रिकॉर्ड और कीट नियंत्रण रिपोर्ट नियमित रूप से तैयार रखने को कहा।
डोमिनोज के दोनों प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद सुधार संबंधी अनुपालन का प्रमाण संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा। निर्देशों का पालन नहीं करने पर प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निलंबित या रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण तथा कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार, कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग रखना, तापमान की नियमित निगरानी करना और खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से संभालना उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।




