शास्त्री पार्क की 50 झुग्गियों में आग, सिलसिलेवार फटे 9 गैस सिलेंडर

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में बुधवार दोपहर दिल्ली जल बोर्ड की पाइप लाइन के नीचे बसीं झुग्गियों में अचानक आग लग गई। आग से 50 झुग्गियां जल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। झुग्गियों में छोटे-बड़े एलपीजी सिलिंडर फटने लगे। एक के बाद एक नौ सिलिंडर फटे। गनीमत यह रही कि आग लगते ही सभी वहां से सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।
खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू पाया गया। सूत्रों का कहना है कि झुग्गियों के ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार में चिंगारी निकलने के बाद वहां आग लगी। पुलिस आग की सही वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर 12.10 बजे खबर मिली कि शास्त्री पार्क, बुलंद मस्जिद, मजारा वाला रोड पर पाइप लाइन के नीचे बनी झुग्गियों में आग लग गई है। खबर मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां वहां पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके को खाली करवाया। आग से झुग्गियों में रखे सिलिंडर एक के बाद एक फटने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों को इतना भी समय नहीं मिला कि वह अपना सामान भी निकाल सके। किसी की मोटर साइकिल तो किसी का शादी में देने के लिए रखा गया दहेज का सामान आग में जलकर खाक हो गया। काफी मशक्कत के बाद दोपहर 3.30 बजे के बाद ही आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में किसी के हताहत होने कीखबर नहीं मिली है।



