भारतीय गाय ने ब्राजील में 40 करोड़ रुपये में बिककर बनाया वर्ल्ड रेकॉर्ड

जानें इस नस्ल में क्या है खास जिसके लिए दुनिया है दीवानी

रिडो डी जेनेरियो। भारतीय नस्ल की गाय ने एक नीलामी में दुनिया की सबसे महंगी गाय होने का नया रेकॉर्ड बनाकर सभी को हैरान कर दिया है। ब्राजील के मिनास गैरेस में हुई नीलामी में इस गाय को 40 करोड़ रुपये की चौंका देने वाली कीमत में खरीदा गया। नेल्लोर नस्ल की इस गाय का नाम वियाटिना-19 है। इस गाय का वजन 1101 किलोग्राम है, जो अपनी ही नस्ल की दूसरी गायों के औसत वजन से दोगुना है। इस गाय को 4.8 मिलियन डॉलर (लगभग 40 करोड़ रुपये) में खरीदा गया और इस तरह यह अब तक बेची गई दुनिया की सबसे महंगी गाय बन गई है।
हमारे सहयोगी इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, वियाटिना-19 कोई साधारण गाय नहीं है। अपने असाधारण आनुवंशिकी (जेनेटिक्स) और शरीर की खासियत के चलते इसने एक वैश्विक पहचान हासिल की है। प्रतिष्ठित चैंपियंस ऑफ द वर्ल्ड प्रतियोगिता में इस गाय को मिस साउथ अमेरिका का खिताब भी मिल चुका है। इसकी खासियत के चलते उसकी भारी मांग है। उसके भ्रूण दुनिया भर में मवेशी प्रजनन कार्यक्रमों को बढ़ाने के लिए दुनिया भर में निर्यात किए जाते हैं।
नेल्लोर नस्ल की इस गाय को भारत में ओंगोल नस्ल के नाम से भी जाना जाता है। यह अपनी अनुकूलनशीलता के लिए मशहूर है। भारत के आंध्र प्रदेश के ओंगोल क्षेत्र में पैदा होने वाली ये गायें अत्यधिक गर्मी को झेलने की अपनी असाधारण क्षमता के लिए जानी जाती हैं। इस खासियत के साथ ही उनकी मजबूत प्रतिरक्षा और रोग प्रतिरोधक क्षमता उन्हें अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका के उष्णकटिबंधीय और उप उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में विशेष रूप से बेशकीमती बनाती हैं।
कम से कम देखभाल के साथ कठिन से कठिन वातावरण में जीवित रहने की इस नस्ल की क्षमता इसे खास बनाती है। इस गाय की शारीरिक बनावट इसे और आकर्षक बनाती है। आकर्षक सफेद फर, कंधों पर उभरा हुआ कूबड़ और ढीली त्वचा के साथ यह न सिर्फ खूबसूरत दिखती है बल्कि गर्मी का मुकाबला करने के लिए भी सुसज्जित होती है। ढीली त्वजा गर्मी को दूर करने में मदद करती है, जबकि कूबड़ वसा को जमा करता है, जिससे यह गाय भोजन की कमी के समय खुद को पोषण देने में सक्षम होती है।
वियाटिना-19 की बिक्री नेल्लोर नस्ल की बढ़ती मांग को दिखाती है। इस नस्ल को पहली बार साल 1800 के दशक में ब्राजील में पेश किया गया था। अपनी प्रभावशाली मांसपेशियों वाली बनावट और उच्च प्रजनन क्षमता के साथ, इस गाय ने ब्राज़ील में पशुधन की उत्पादकता को बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button