कार्तिक आर्यन और कबीर खान फिर साथ, नई फिल्म ‘लड़ाकू’ की रिलीज तारीख का ऐलान

बुधवार को बिड़ला स्टूडियोज ने फिल्म के आधिकारिक शीर्षक के साथ-साथ इसकी दुनियाभर में रिलीज की तारीख का भी भव्य ऐलान कर दिया है।

एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। ‘चंदू चैंपियन’ की सफलता के बाद बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन और फिल्म निर्माता-निर्देशक कबीर खान एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों की अगली फिल्म का नाम ‘लड़ाकू’ रखा गया है। फिल्म निर्माता बिड़ला स्टूडियोज ने बुधवार को इसके आधिकारिक शीर्षक के साथ दुनियाभर में रिलीज की तारीख की घोषणा की। फिल्म 18 जून, 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

कार्तिक आर्यन और कबीर खान इससे पहले वर्ष 2024 में आई फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में साथ काम कर चुके हैं। यह फिल्म भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर के प्रेरणादायक जीवन पर आधारित थी। फिल्म में कार्तिक के अभिनय को खूब सराहना मिली थी और इसी भूमिका के लिए उन्हें 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान भी मिला।

‘लड़ाकू’ को महत्वाकांक्षा, दृढ़ संकल्प और उम्मीद से जुड़ी एक असाधारण वास्तविक कहानी पर आधारित बताया जा रहा है। हालांकि, फिल्म की विस्तृत कहानी, किरदारों और अन्य कलाकारों को लेकर अभी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। इस फिल्म के जरिए कार्तिक आर्यन निर्माता के रूप में भी नई पारी शुरू कर रहे हैं। वह अपने बैनर डोपामाइन स्टूडियोज के तहत इसका निर्माण करेंगे। फिल्म को बिड़ला स्टूडियोज, कबीर खान एंटरटेनमेंट और डोपामाइन स्टूडियोज मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के बाद कार्तिक ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे वर्षों से संजोया हुआ सपना सच होने जैसा बताया था। उन्होंने ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिलने पर आभार जताया था। इसके बाद वह अपने राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा मंदिर भी पहुंचे और सम्मान को बप्पा के चरणों में अर्पित किया। अभिनेता ने मंदिर से तस्वीर साझा करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं।

कार्तिक आर्यन के पास आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण फिल्में हैं। इनमें करण जौहर के समर्थन वाली ‘नागजिला’, शिमित अमीन की वॉर-एक्शन ड्रामा ‘कैप्टन इंडिया’ और अनुराग बसु की एक अनाम फिल्म शामिल है। अनुराग बसु की इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री श्रीलीला नजर आएंगी। ऐसे में ‘लड़ाकू’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। ‘चंदू चैंपियन’ के बाद कार्तिक और कबीर खान की यह नई साझेदारी एक बार फिर बड़े पर्दे पर प्रेरणादायक कहानी पेश करने की तैयारी में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button