मैट्रिमोनियल वेबसाइट से चुनाव, फिर शादी और जीवन बना देती थी नर्क
Selection through matrimonial website, then marriage and life became hell

आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा में पति का जीवन नर्क बनाकर उससे पैसे ठगने का मामला सामने आया है। दरअसल, महिला की राजस्थान के जयपुर में गिरफ्तारी के बाद यह मामला सामने आया है। जयपुर पुलिस ने सीमा अग्रवाल उर्फ निक्की अग्रवाल नामक महिला को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद आगरा का भी मामला सामने आया। दरअसल, सीमा उर्फ निक्की ने आगरा के एक व्यवसायी से भी शादी कर उसके साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। सीमा पेश से वकील है। उसने तीन अमीर लोगों से शादी कर अपने पतियों को मोटा चूना लगाया। अब जयपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
सीमा उर्फ निक्की ने आगरा एक व्यापारी को अपने जाल में फंसाया था। मैट्रिमोनियल वेबसाइट जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए उसने व्यसायी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। दोनों ने शादी कर ली। कुछ दिन बाद सीमा ने अपने रंग दिखाने शुरू किए। व्यवसायी और उसके परिजनों को परेशान करना शुरू कर दिया। परेशान व्यवसायी ने सीमा से पीछा छुड़ाने का निर्णय लिया। आपसी सहमति से तलाक के लिए उसने व्यवसायी से 75 लाख रुपये की डिमांड की। व्यापारी ने भी यह पैसे चुका कर अपना पीछा उससे छुड़ाया।
सीमा ने पिछले दिनों जयपुर के जौहरी को अपना शिकार बनाया। उसके साथ शादी कर ली। शादी के बाद सीमा ने जौहरी पर अपने व्यापार में साझेदारी देने का दबाव बनाना शुरू किया। इसके बाद वह उत्तराखंड चली गई। उत्तराखंड में ही उसने जौहरी के खिलाफ एक केस दर्ज करा दिया। मामले में जौहरी ने भी सीमा के खिलाफ गलत तरीके से शादी, झूठे आरोप लगाने और मोटी रकम ऐंठने की योजना बनाने का मामला दर्ज करा दिया। इन मामलों में उसकी गिरफ्तारी हुई है।
सीमा इससे पहले गुड़गांव के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को भी निशाना बना चुकी है। सीमा ने इंजीनियर के साथ शादी की। इसके बाद उससे अलग होने के लिए मोटी रकम देने का दबाव बनाना शुरू किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर केस कर दिया। करीब 9 साल तक इंजीनियर ने केस लड़ा। अंत में वह निर्दोष साबित हुआ। हालांकि, इस मामले में भी समझौते के नाम पर उसने 10 लाख रुपये सीमा को दिए।
सीमा अग्रवाल को लेकर पुलिस का कहना है कि उसके तीन पतियों से ठगी का तरीका एक जैसा है। वह शादी के बहाने अमीर लोगों को फंसाती थी। मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए वह मोटी पार्टी को चिह्नित करती थी। इसके बाद शादी का पेशकश करती थी। शादी के बाद उसका खेल शुरू होता था। वह पतियों पर झूठे आरोप लगाकर मोटी रकम वसूलती थी। शादी के बाद वह पतियों पर दहेज उत्पीड़न, अप्राकृतिक यौन शोषण और अन्य गंभीर आरोप लगाने लगती थी। मामला निपटाने के नाम पर सीमा अपने वकालत वाले दिमाग का उपयोग कर लाखों रुपये की वसूली कर लेती थी। जयपुर के जौहरी को साझेदारी का झूठा नाटक कर फंसाने की कोशिश में इस बार सीमा खुद कानून के शिकंजे में फंस गई।




