शिवराज सिंह चौहान बने ‘दादा’, बेटे कार्तिकेय के घर लाड़ली लक्ष्मी का जन्म, कान में सुनाया गायत्री मंत्र

भोपाल/एजेंसी। केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दादा बन गए हैं। बुधवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनके बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की पत्नी अमानत बंसल ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। इस खुशी के मौके पर चौहान परिवार में उत्सव का माहौल है और सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए इस खुशी को साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘हमारे घर आज लाडली लक्ष्मी आई है। कार्तिकेय पिता बन गए, अमानत मां। कोकिला (साधना) अब दादी जी हैं और मैं दादा। 2025 में हमारे घर दो बेटियां (अमानत और ऋद्धि) आईं और अब 2026 में बेटी ‘इला’ का शुभ आगमन हुआ है। स्वागतम् लक्ष्मी।’
अस्पताल से सामने आए वीडियो में परिवार की खुशी साफ झलक रही है। जैसे ही अस्पताल का स्टाफ नवजात बच्ची को लेकर ऑपरेशन थिएटर से बाहर आया, दादी साधना सिंह खुशी से उछल पड़ीं और उन्होंने बड़े प्यार से कहा, ‘बिटिया… लाडली लक्ष्मी आई है।’ इसके बाद उन्होंने अपनी समधन रूचिता बंसल को गले लगाकर बधाई दी। पिता बने कार्तिकेय ने बेटी को गोद में लेकर दुलार किया और बताया कि उन्होंने बेटी का नाम ‘इला’ रखा है।
बेटी के स्वागत के दौरान आध्यात्मिक माहौल भी देखने को मिला। जब बच्ची बाहर आई, तब शिवराज सिंह चौहान लगातार गायत्री मंत्र का जाप कर रहे थे। उन्होंने पहली बार पोती को गोद में लेने के बाद उसे गायत्री मंत्र भी सुनाया। कार्तिकेय ने भी बेटी को गोद में लेते समय मंत्रों का उच्चारण किया। बता दें कि कार्तिकेय और अमानत की शादी पिछले साल 6 मार्च 2025 को राजस्थान के जोधपुर स्थित उम्मेद भवन पैलेस में हुई थी। अमानत प्रसिद्ध फुटवेयर कंपनी लिबर्टी के डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी हैं। मुख्यमंत्री के रूप में ‘लाडली लक्ष्मी योजना’ शुरू करने वाले शिवराज सिंह चौहान के अपने घर में लक्ष्मी के आगमन पर मध्य प्रदेश सहित देशभर के समर्थकों में खुशी की लहर है।




