क्राइम ब्रांच में तैनात दारोगा सीएम की हत्या कर देगा,एक्स पर पोस्ट करने वाला सिरफिरा प्रयागराज से गिरफ्तार

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक सिरफिरे की सनसनीखेज पोस्ट से कानपुर से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मच गया। कुंवर राजपूत नाम से एक्स हैंडल पर उसने लिखा कि कानपुर क्राइम ब्रांच का दारोगा मो आरिफ सीएम की हत्या कर देगा। इस पोस्ट के बाद पुलिस विभाग में फोन कॉल की घंटियां बजने लगी। सर्विलांस की टीम एक्टिव हो गई। पुलिस की जांच में पता चला कि कुंवर राजपूत नाम का एक्स हैंडल प्रयागराज से ऑपरेट हो रहा है।
पुलिस की टीम ने प्रयागराज में डेरा डाल दिया। दो दिनों के बाद टीम ने प्रयागराज से दीपक श्रीवास्तव को अरेस्ट कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी दीपक भड़काऊ बातें कर रहा था। पुलिस ने उसे जेल भेजा है। कानपुर क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम में तैनात दारोगा मो आरिफ ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420, 500, 507, 295ए और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।
दारोगा मो आरिफ की एफआईआर कॉपी के मुताबिक 12 जून की रात 10:22 बजे से 10:27 के बीच अज्ञात नंबर से तीन बार कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का दारोगा बताकर मेरे साथ गाली-गलौच की। मजहब के नाम पर बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद कुंवर राजपूत नाम के एक्स हैंडल से विवादित पोस्ट लिखी। पोस्ट में लिखा था कि कानपुर क्राइम ब्रांच का दारोगा सीएम की हत्या कर देगा। मो आरिफ ने फौरन आरोपी के खिलाफ साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
साइबर थाने के इंस्पेक्टर हरमीत सिंह के मुताबिक एक्स हैंडल की जांच की गई, तो आईपी एड्रेस में एक मोबाइल नंबर मिला। उस नंबर को सर्विलांस पर लेने से पता चला कि यह आईडी प्रयागराज से आपरेट की जा रही है। इसके बाद पुलिस की टीम ने दो दिन में आरोपी दीपक श्रीवास्तव को प्रयागराज से अरेस्ट कर लिया। आरोपी दसवीं तक पढ़ा है। प्रयागराज में अपनी मौसी के घर में रहकर ड्राइवरी करता था। सबसे खास बात है कि आरोपी और दारोगा एक दूसरे को नहीं जानते हैं।




