कोतवाली की जीप अनियंत्रित होकर बाजार में घुसी, आधा दर्जन लोग घायल, गुस्साई भीड़ ने चालक को जमकर धुना

सुल्तानपुर,(उत्तर प्रदेश)। सुलतानपुर में लंभुआ कोतवाली के सरकारी वाहन ने नियंत्रण खो दिया। इससे बाजार में मौजूद आधा दर्जन लोग चपेट में आकर घायल हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर पीट दिया। वही घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केद्र पर भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार थाने की गाड़ी को प्राइवेट चालक चला रहा था। वो बाजार से काफी स्पीड में जीप लेकर निकला। इस बीच उसने नियंत्रण खो दिया और बाजार में खड़े करीब आधा दर्जन लोग इसकी चपेट में आ गए। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उधर कोतवाली लंभुआ में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा है।

सभी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस के अधिकारी लोगों को मनाने में जुटे हैं। कोतवाल शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि घटना के बाबत जांच पड़ताल की जा रही है। उधर आस पड़ोस के थाने की पुलिस भी मौके पर जांच पड़ताल और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भेजी गई है। इस हादसे में कुमकुम पत्नी संदीप, तौफीक पुत्र नजीर, सम्मीदा पत्नी तौफीक, नितेश पुत्र संदीप, नितिन पुत्र संदीप और मुस्कान पुत्री राम सिंगार घायल हुए हैं। एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि मौके पर जांच पड़ताल के लिए अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव को भेजा गया है। जांच में चालक के दोषी मिलने या वाहन की फिटनेस नहीं होने पर संबंधित दूसरे के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button