पड़ोसियों को फंसाने के लिए वकील ने योगी और एसटीएफ चीफ अमिताफ यश को मारने की दी धमकी

मेरठ,(उत्तर प्रदेश)। मेरठ कोतवाली में गत दिनों डाक से मिले पत्र ने हड़कंप मचा दिया। इस पत्र में माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या का बदला लेने के लिए मुख्यमंत्री, एसटीएफ चीफ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने इसी पत्र की सूचना तत्काल आला अधिकारियों को दी गई और इस बात को पूरी तरह से गोपनीय रखते हुए जांच शुरू करी गई। पुलिस जांच में एक मेरठ के वकील का नाम सामने आया, जो पड़ोसियों को फंसाने के लिए पत्र भेजा था। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है।
पुलिस जांच में एक वकील ओसामा उर्फ मून का नाम सामने आया। कुछ दिन पहले कोतवाली थाने में डाक के माध्यम से एक चिट्ठी भेजी गई थी। इस पर भेजने वाले का नाम हाफिज तनवीर और बिलाल निवासी पडियान बनी सराय महमूद उल हक रोड लिखा था। चिट्ठी में लिखा था कि हम दोनों पूरे होशोहवास में हैं। अतीक अहमद, भाई अशरफ अहमद और असद को जान से मारने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हाथ है। चिट्ठी भेजने वाले ने मुख्यमंत्री और एसटीएफ चीफ अमिताभ यश को जान से मारने की धमकी दी थी। पत्र में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के लिए भी लिखा गया था कि तुम हमें मार दोगे, लेकिन इससे पहले हम मुख्यमंत्री और एसटीएफ चीफ को मार देंगे।
पोस्ट ऑफिस और सीसीटीवी के मध्य से पहुंची आरोपी तक पुलिस
पुलिस की छानबीन में पता चला कि यह चिट्ठी कचहरी के पास पोस्ट ऑफिस से भेजी गई थी। उसकी रसीद पर भेजने की तारीख और समय लिखा था। इस आधार पर पुलिस ने पोस्ट ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। उसमें आरोपी वकील आता-जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर आरोपी वकील को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि उसका अपने पड़ोसियों के साथ छोटी-छोटी बातों पर अक्सर झगड़ा होता है। कभी नाली की सफाई तो कभी अन्य बात को लेकर मारपीट तक नौबत आ जाती है। पड़ोसियों को फंसाने के लिए ही उसने यह चिट्टी भेजी थी।




