दिल्लीवासियों के फोन में जरूर सेव होने चाहिए ये दो हेल्पलाइन नंबर, सीएम रेखा गुप्ता ने की अपील; मुश्किल वक्त में मिलेगी तत्काल मदद
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नागरिकों से 181 (महिला हेल्पलाइन) और 112 (आपातकालीन हेल्पलाइन) नंबरों को फोन में सेव करने की अपील की है।

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के नागरिकों से दो महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर अपने मोबाइल फोन में सेव करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक नागरिक को इन नंबरों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बिना समय गंवाए मदद प्राप्त की जा सके। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर संदेश साझा करते हुए लोगों से इन नंबरों को अपने परिवार और परिचितों के साथ भी साझा करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से 181 महिला हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर सेव करने को कहा है। उन्होंने बताया कि 181 नंबर संकट में फंसी महिलाओं और लड़कियों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए है, जबकि 112 नंबर पुलिस, दमकल, चिकित्सा और अन्य आपातकालीन सेवाओं से तत्काल मदद प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
181 महिला हेल्पलाइन का उपयोग ऐसी महिलाएं और लड़कियां कर सकती हैं, जो घर के भीतर या बाहर किसी तरह की परेशानी, उत्पीड़न अथवा संकट का सामना कर रही हों। इस नंबर पर मोबाइल या लैंडलाइन से कॉल करके सहायता मांगी जा सकती है। यह टोल फ्री सेवा है, इसलिए कॉल करने के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता।
वहीं, 112 आपातकालीन हेल्पलाइन का इस्तेमाल अपराध, हिंसा, चोरी, मारपीट, अपहरण या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए किया जा सकता है। सड़क दुर्घटना, बेहोशी, सांस लेने में परेशानी या एम्बुलेंस की तत्काल आवश्यकता होने पर भी इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा घर, दुकान या वाहन में आग लगने, किसी व्यक्ति के फंस जाने अथवा प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में भी 112 पर कॉल करके सहायता मांगी जा सकती है।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी 112 महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उत्पीड़न, हिंसा या किसी असुरक्षित परिस्थिति का सामना करने पर इस नंबर के माध्यम से तत्काल आपातकालीन सहायता प्राप्त की जा सकती है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि मुश्किल वक्त में हर सेकंड बेहद अहम होता है और सही समय पर सही हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने से बड़ा बदलाव आ सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा साझा जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सरकार की अटल प्रतिबद्धता है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित दिल्ली के निर्माण में सहयोग करने की अपील भी की।
इस जागरूकता अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने #NumberSaveKiya? हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए नागरिकों से दोनों हेल्पलाइन नंबर अपने फोन में सेव करने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि आपात स्थिति में समय पर मदद मिलने के लिए इन नंबरों की जानकारी हर परिवार के पास होना जरूरी है। 181 और 112 दोनों हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करने के लिए कोई शुल्क नहीं लगता है।




