पुराने स्कूल पहुंचे वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, छात्रों को दिखाया सपनों को साकार करने का रास्ता
गोल्फ सिटी कैंपस में एक भव्य विज्ञान मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने युवा पीढ़ी से अच्छे इंसान बनने की अपील की। एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ने भी अपने अनुभव साझा किए और छात्रों को उत्साहित किया।

लखनऊ,उत्तर प्रदेश। राजधानी लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) गोल्फ सिटी परिसर में सोमवार को आयोजित भव्य विज्ञान मेले में देश की दो विशिष्ट हस्तियों की मौजूदगी ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा दिया। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अपने पुराने स्कूल पहुंचे। दोनों के लिए यह अवसर विशेष रहा, क्योंकि एक ओर उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें ताजा कीं, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, अनुशासन और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल परिसर में पहुंचने पर छात्र बैंड की शानदार धुनों और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दोनों अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वायुसेना प्रमुख और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने विद्यार्थियों की ओर से लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों और प्रयोगों की जानकारी ली तथा उनकी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की सराहना की।
छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए, निडर होकर सवाल पूछने चाहिए और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ईमानदारी से मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल अपना बायोडाटा बेहतर बनाने तक सीमित न रहने की सलाह देते हुए कहा कि जीवन में अच्छे चरित्र का निर्माण भी उतना ही जरूरी है। असफलता को सफलता के विपरीत मानने के बजाय उसे आगे बढ़ने की यात्रा का हिस्सा समझना चाहिए।
उन्होंने तकनीक के जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि विज्ञान और तकनीकी विकास का उद्देश्य मानवता की भलाई होना चाहिए। विद्यार्थियों को कोई नया आविष्कार या तकनीक विकसित करते समय यह भी सोचना चाहिए कि उससे समाज को क्या लाभ मिलेगा, वह कितना सुरक्षित है और क्या उसका उपयोग सभी के हित में होगा। उन्होंने कहा कि अच्छे पेशेवर बनने के साथ सबसे पहले अच्छा इंसान बनना जरूरी है।
विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए वायुसेना प्रमुख ने युवाओं से वर्ष 2047 तक देश के निर्माण में नई तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष से देखने पर देशों की सीमाएं दिखाई नहीं देतीं, बल्कि पूरी पृथ्वी एक साझा घर नजर आती है। इसलिए विद्यार्थियों को ‘जय जगत’ की भावना अपनाते हुए विश्व कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए।
इस दौरान एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि आज वह यहां वायुसेना प्रमुख के रूप में नहीं, बल्कि इसी विद्यालय के एक पूर्व छात्र और बच्चों के साथी के रूप में आए हैं। सीएमएस की पूर्व प्रबंध निदेशक डॉ. गीता गांधी ने उनके विद्यार्थी जीवन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि आशुतोष दीक्षित ने वर्ष 1976 में आनंद नगर परिसर में कक्षा छह में प्रवेश लिया था। इसके बाद उन्होंने राजेंद्र नगर परिसर से पढ़ाई करते हुए वर्ष 1980 में दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
आशुतोष दीक्षित ने वर्ष 1971 के ज्ञान मेले से जुड़ी यादों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय से लेकर आज तक तकनीक में अभूतपूर्व बदलाव आया है। कंप्यूटर, जो कभी एक बड़े कमरे तक सीमित थे, आज लोगों की जेब में समा गए हैं, लेकिन जिज्ञासु दिमाग और सीखने की इच्छा की ताकत आज भी पहले जैसी ही है। उन्होंने विद्यालय के संस्थापक डॉ. जगदीश गांधी और डॉ. भारती गांधी के निस्वार्थ सेवा के मंत्र को अपनी वर्दी पहनने की प्रेरणा बताया। इस अवसर पर उन्होंने तत्कालीन प्रिंसिपल सुदर्श कौर और डॉ. भारती गांधी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। समारोह में अयोध्या में रामलला की पोशाक डिजाइन करने वाले प्रसिद्ध डिजाइनर मनीष त्रिपाठी की ओर से तैयार विशेष भेंट देकर वायुसेना प्रमुख को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे प्रमुख आकर्षण अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के सफर और अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा लखनऊ से ही शुरू हुई और माता-पिता के साथ सीएमएस के शिक्षकों तथा भारतीय वायुसेना ने उनके जीवन को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंतरिक्ष में बिताए समय के अनुभव बताते हुए शुभांशु शुक्ला ने माइक्रोग्रैविटी की परिस्थितियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष में पहली बार शरीर को बांधने वाली स्ट्रैप खोलकर खिड़की से पृथ्वी को निहारना बेहद अनमोल अनुभव होता है। उस क्षण ऐसा महसूस होता है मानो समय थम गया हो। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आसमान कभी सीमा नहीं था, न उनके लिए, न विद्यार्थियों के लिए और न ही भारत के लिए।
विज्ञान मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल वैज्ञानिक प्रयोगों और तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला, बल्कि देश की रक्षा और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली हस्तियों से सीधे संवाद करने का भी मौका मिला। दोनों पूर्व छात्रों की उपस्थिति ने बच्चों को यह संदेश दिया कि जिज्ञासा, मेहनत, अनुशासन और मजबूत संकल्प के बल पर अपने सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है।




