टाटा स्टील का एपीएल अपोलो पर बड़ा दांव, 52.38 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी; 28 हजार करोड़ की दोहरी डील से बदलेगा कारोबार का समीकरण

टाटा स्टील, एपीएल अपोलो ट्यूब्स में 52.38% हिस्सेदारी खरीदेगी। इसमें से 26.38 फीसदी हिस्सेदारी ₹15,510.61 करोड़ में खरीदी जाएगी, जबकि बाकी 26 फीसदी हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर लाया जाएगा।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। देश के औद्योगिक और स्टील क्षेत्र में टाटा समूह ने एक बड़ा कारोबारी कदम उठाया है। टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स में 52.38 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। इस सौदे के तहत कंपनी 26.38 फीसदी हिस्सेदारी 15,510.61 करोड़ रुपये में खरीदेगी, जबकि शेष 26 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए ओपन ऑफर लाया जाएगा। इस बड़े कारोबारी घटनाक्रम के बाद शेयर बाजार में दोनों कंपनियों के शेयर निवेशकों के फोकस में रहने की संभावना है।

यह सौदा ऐसे समय में सामने आया है, जब 22 नवंबर को दोनों कंपनियों ने टाटा स्टील के ट्यूब कारोबार और टाटा स्टील कलर्स में उसकी पूरी हिस्सेदारी एपीएल अपोलो को हस्तांतरित करने की घोषणा की थी। इस प्रस्तावित कारोबार हस्तांतरण का कुल मूल्य करीब 28,000 करोड़ रुपये है। समझौते के मुताबिक, टाटा स्टील कलर्स का मूल्यांकन 16,300 करोड़ रुपये और टाटा स्टील के ट्यूब कारोबार का मूल्यांकन 11,700 करोड़ रुपये तय किया गया है।

दोनों कंपनियों के बीच प्रस्तावित ये सौदे एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और इन्हें एक साथ पूरा किए जाने की योजना है। एपीएल अपोलो के अनुसार, इन समझौतों के लिए 31 मार्च 2028 की अंतिम समय-सीमा निर्धारित की गई है। हालांकि, सौदों को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की मंजूरी, संबंधित शेयरधारकों की सहमति और अन्य आवश्यक नियामकीय स्वीकृतियां प्राप्त करनी होंगी।

टाटा स्टील के ट्यूब कारोबार के हस्तांतरण में जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद स्थित विनिर्माण एवं प्रसंस्करण इकाइयों के साथ मार्केटिंग और वितरण से जुड़ी गतिविधियां भी शामिल होंगी। इस सौदे में अनुबंधित विनिर्माताओं के माध्यम से तैयार किए जाने वाले उत्पाद भी शामिल हैं। इसके अलावा खोपोली स्थित कुछ कोल्ड रोलिंग और सरफेस कोटेड स्टील सुविधाओं को भी कारोबार हस्तांतरण का हिस्सा बनाया गया है।

यह हस्तांतरण चालू व्यवसाय यानी गोइंग कंसर्न के रूप में स्लंप सेल के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत कारोबार से जुड़ी संपत्तियों, अनुबंधों, लाइसेंसों, कर्मचारियों और निर्धारित देनदारियों को भी एपीएल अपोलो को हस्तांतरित किया जाएगा। इससे टाटा स्टील अपने कारोबार के पुनर्गठन की दिशा में आगे बढ़ेगी, वहीं एपीएल अपोलो को अपने औद्योगिक परिचालन और बाजार में उपस्थिति का विस्तार करने का अवसर मिलेगा।

शेयर बाजार की बात करें तो शुक्रवार को बीएसई पर टाटा स्टील का शेयर 1.69 फीसदी गिरावट के साथ 177.75 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं एपीएल अपोलो ट्यूब्स का शेयर 1.39 फीसदी टूटकर 2,122.15 रुपये पर बंद हुआ। अब दोनों कंपनियों के बीच घोषित बड़े कारोबारी समझौतों के बाद निवेशकों की नजर आगामी कारोबारी सत्रों में इनके शेयरों की चाल और सौदे से जुड़ी नियामकीय मंजूरियों पर रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button