‘ईरानी जहाजों को समुद्र की तलहटी में पहुंचा देंगे’, फिर भड़के डोनाल्ड ट्रंप, युद्ध शुरू होने का खतरा बढ़ा
डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ये संकेत दिया है कि ईरान के खिलाफ युद्ध फिर से शुरू किया जा सकता है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत चल रही है और उन्होंने डील के लिए इच्छा जताई है लेकिन डील टूटी तो इसके बुरे नतीजे होंगे।

वॉशिंगटन,एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के प्रति एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है, लेकिन यदि कोई समझौता नहीं हुआ तो नए साल के बाद यानी 2027 में ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले फिर शुरू किए जा सकते हैं। ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करने वाले ईरानी जहाजों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उनके इस बयान से पश्चिम एशिया में दोबारा सैन्य टकराव बढ़ने की आशंका गहरा गई है।
फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में रविवार को ट्रंप ने स्वीकार किया कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है। हालांकि, उन्होंने ईरान के बातचीत करने के तरीके पर नाराजगी जताई। ट्रंप ने ईरानी प्रतिनिधियों को ‘प्रोफेशनल टैप डांसर’ बताते हुए आरोप लगाया कि वे बातचीत के दौरान मुद्दों को स्पष्ट करने के बजाय उन्हें टालते रहते हैं। उन्होंने कहा कि ईरान बातचीत तो करता है, लेकिन समझौते की दिशा में ठोस प्रगति नहीं दिखा रहा है।
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ऐसा समझौता चाहता है, जो भविष्य के अमेरिकी प्रशासन के कार्यकाल में भी प्रभावी बना रहे। उनकी प्रमुख शर्त है कि ईरान किसी भी परिस्थिति में परमाणु हथियार हासिल न कर सके। हालांकि, उनके हालिया बयानों से संकेत मिला है कि वे ईरान में सत्ता परिवर्तन की अपनी पुरानी मांग पर पहले की तुलना में कम जोर दे रहे हैं। इसके बावजूद परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य सहित कई मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश के खिलाफ भी चेतावनी दी। ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्टों में जहाजों के नाकेबंदी पार करने की संभावना जताई गई है। इस पर ट्रंप ने कहा कि यदि ईरानी जहाज ऐसा प्रयास करते हैं तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने अमेरिकी नौसेना की ओर से गोलीबारी किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया। यह बयान ऐसे समय आया है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास समुद्री सुरक्षा और तेल परिवहन को लेकर तनाव बना हुआ है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने ईरान पर हवाई हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इस सैन्य टकराव का असर पश्चिम एशिया के साथ अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर भी पड़ा। पिछले कुछ समय से दोनों पक्षों के बीच सैन्य कार्रवाई में विराम है, लेकिन स्थायी समझौता नहीं होने से तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
इस बीच इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ अमेरिकी दबाव बढ़ाने की खबरें भी सामने आ रही हैं। दूसरी तरफ ईरान ने किसी भी नए हमले का कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी है। ऐसे में अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत की सफलता क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




