नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यूनियन बैंक के एटीएम में लगी आग, दमकल की चार गाड़ियों ने पाया काबू

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित एटीएम काउंटर में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश के अनुसार, शाम करीब 3:54 बजे फायर कंट्रोल रूम को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एटीएम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नजदीक तैनात एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (क्यूआरवी) और तीन दमकल गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर दो एटीएम काउंटर थे, जिनमें कुल तीन मशीनें लगी हुई थीं। एटीएम के पीछे सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी मौजूद था। आग से उठी गर्मी के कारण सीसीटीवी कक्ष में लगी मशीनों और एयर कंडीशनर को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एटीएम काउंटर पर बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक की मशीनें लगी हुई थीं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग ने चार वाहनों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button