सुल्तानपुरी में महिला से सोने का लॉकेट झपटकर भागा युवक गिरफ्तार, कुछ घंटों में बरामद हुआ सामान
दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने का लॉकेट झपटकर फरार हुए 18 वर्षीय अरमान उर्फ छावा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना 15 नवंबर को जगदंबा मार्केट के पास हुई थी।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
दिल्ली ब्यूरो। बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में दिनदहाड़े महिला के गले से सोने का लॉकेट झपटकर फरार हुए 18 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अरमान उर्फ छावा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से महिला का झपटा गया सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को जगदंबा मार्केट स्थित सोलंकी स्वीट्स के पास एक महिला अपनी बाइक पर बैठ रही थीं। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और मौका पाकर उनके गले से सोने का लॉकेट झपटकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर सुल्तानपुरी थाने में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने का प्रयास किया गया। लगातार जांच और घेराबंदी के बाद पुलिस टीम ने अंबेडकर पार्क के पास से आरोपी अरमान उर्फ छावा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से महिला का सोने का लॉकेट बरामद हुआ।
यह कार्रवाई बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह के नेतृत्व और एसीपी हरेंद्र की निगरानी में की गई। थाना प्रभारी अनुपम भूषण के नेतृत्व वाली टीम में उपनिरीक्षक हिमांशु, हेड कांस्टेबल अनूप तथा कांस्टेबल रामचंद्र और विजय शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




