दिवाली पर जीटीबी अस्पताल में पटाखों से घायल 172 मरीज पहुंचे, किसी को भर्ती करने की नहीं पड़ी जरूरत
दिवाली के दौरान पटाखों और आग से संबंधित चोटों के 172 मरीज जीटीबी अस्पताल पहुंचे। इनमें 25 बच्चे, 56 महिलाएं और आंखों में चोट के 34 मरीज शामिल थे। सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई और किसी को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
पूर्वी दिल्ली। दीपावली के त्योहार पर आतिशबाजी से कई स्थानों पर आगजनी की घटनाएं सामने आई तो वहीं आतिशबाजी के कारण कई लोग घायल भी हुए।आतिशबाजी के कारण झुलसने और आंखों में चोट लगने के भी कई मामले सामने आए। दिवाली के दौरान पटाखों और आग से झुलसने सहित अन्य संबंधित चोटों के 172 मरीज गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, ये मरीज 8 नवंबर 2026 की सुबह से 9 नवंबर की सुबह तक उपचार के लिए आए। इनमें 25 बच्चे और 56 महिलाएं शामिल थीं। कुल 34 मरीजों को आंखों से संबंधित चोटें थीं, जिन्हें नेत्र विभाग में उपचार दिया गया। चिकित्सा देखभाल के बाद सभी मरीजों को घर भेज दिया गया। अन्य मरीजों को मुख्य रूप से त्वचा के जलने की चोटें आई थीं। राहत की बात यह रही कि पटाखों या आग से झुलसने के किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। इस दौरान दिवाली से संबंधित जलने या पटाखों की चोट के कारण किसी मरीज की मौत नहीं हुई और न ही कोई मरीज मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया।
अस्पताल के दुर्घटना एवं आपातकालीन विभाग में 8 नवंबर सुबह आठ बजे से 9 नवंबर सुबह आठ बजे तक सभी तरह की बीमारियों और दुर्घटनाओं के कुल 847 मामले पहुंचे। इनमें 119 मामलों को मेडिकोलीगल केस के रूप में दर्ज किया गया। कुल मरीजों में से 38 को भर्ती करना पड़ा। इनमें दिवाली से संबंधित मामलों के साथ सामान्य आपातकालीन मरीज भी शामिल थे।
त्योहार के दौरान पटाखों और आग से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अस्पताल की बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी तथा नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीमें चौबीसों घंटे अलर्ट पर रहीं। मरीजों की संभावित बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष दिवाली ड्यूटी रोस्टर तैयार किया गया था, ताकि सभी संबंधित विभागों में पर्याप्त चिकित्सक और अन्य कर्मचारी उपलब्ध रहें। बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी तथा नेत्र विभाग के विशेषज्ञों को विशेष रूप से तैनात किया गया था। जरूरत पड़ने पर आपातकालीन ऑपरेशन थिएटर की सुविधा उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई थी।
आपात स्थिति से निपटने के लिए जीटीबी अस्पताल की राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) स्थित दुर्घटना एवं आपातकालीन सुविधा में 25 अतिरिक्त बेड निर्धारित किए गए थे। इसके अलावा जीटीबी अस्पताल के मुख्य परिसर में बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग के 30 नियमित बेड और नेत्र, ईएनटी, सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, हड्डी रोग तथा मेडिसिन विभागों के उपलब्ध बेड भी आपातकालीन जरूरतों के लिए तैयार रखे गए थे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाओं और चिकित्सा उपभोग की सामग्री का भंडार रखा गया था। किसी भी बड़ी आपात स्थिति या आपदा से निपटने के लिए अस्पताल की आपदा प्रबंधन योजना भी सक्रिय रखी गई थी।




