एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया ने संभाला वायुसेना के उप प्रमुख का पदभार, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया ने रविवार, 1 नवंबर को भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ) का पदभार संभाल लिया है।

नई दिल्ली। एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया ने रविवार, 1 नवंबर को भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ) का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के अवसर पर उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
एयर मार्शल वालिया भारतीय वायुसेना के अनुभवी लड़ाकू विमान चालकों में शामिल हैं। उन्हें मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई के विभिन्न संस्करणों को उड़ाने का व्यापक अनुभव है। इससे पहले वह पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र एयर मार्शल वालिया ने 11 जून 1988 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू विमान शाखा में कमीशन प्राप्त किया था। अपने लगभग चार दशक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमान और स्टाफ संबंधी जिम्मेदारियां निभाईं। वह अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन और टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट की कमान संभालने के साथ वायुसेना स्टेशन बरेली के एयर ऑफिसर कमांडिंग भी रह चुके हैं।
उन्होंने ब्रिटेन में उन्नत कमान एवं स्टाफ पाठ्यक्रम तथा बांग्लादेश के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसके अलावा वह वायुसेना के वायु स्टाफ निरीक्षण निदेशालय के प्रमुख और जापान तथा दक्षिण कोरिया स्थित भारतीय दूतावासों में रक्षा अताशे के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। पूर्वी वायु कमान में वरिष्ठ वायु कार्मिक अधिकारी की जिम्मेदारी भी उनके पास रही है।
शैक्षणिक क्षेत्र में भी उनकी विशेष रुचि रही है। उनके पास रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में तीन स्नातकोत्तर डिग्रियां हैं। भारतीय वायुसेना में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2008 में वायु सेना पदक और वर्ष 2018 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
उप प्रमुख का पदभार संभालने के साथ ही एयर मार्शल वालिया भारतीय वायुसेना के शीर्ष नेतृत्व का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का स्थान लिया है, जिन्होंने 31 अक्टूबर को वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button