विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान 17, 18, 24 एवं 25 अक्टूबर को होगा संचालित : जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़

विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 7,109 फार्म-6 प्राप्त, चार दिन बूथों पर मिलेंगे बीएलओ

गाजियाबाद। जनपद में निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ के निर्देश पर अब 17, 18, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 18 अक्टूबर को जिले के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों, जिनमें धौलाना का आंशिक क्षेत्र भी शामिल है, से कुल 7,109 फार्म-6 प्राप्त हुए। इनमें 6,546 ऑफलाइन और 563 ऑनलाइन आवेदन शामिल हैं।
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को सूची में शामिल करना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाना था, लेकिन अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने 18 और 25 अक्टूबर को भी विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित चारों तिथियों पर सभी बूथ स्तरीय अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्य करेंगे। अन्य दिनों में बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान और सत्यापन करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
18 अक्टूबर को प्राप्त आवेदनों के विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, लोनी से कुल 988 फार्म-6 प्राप्त हुए, जिनमें 795 ऑफलाइन और 193 ऑनलाइन हैं। मुरादनगर से 1,237 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,203 ऑफलाइन और 34 ऑनलाइन शामिल हैं। साहिबाबाद में सबसे अधिक 2,035 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,813 ऑफलाइन और 222 ऑनलाइन हैं। गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र से 1,540 फार्म मिले, जिनमें 1,437 ऑफलाइन और 103 ऑनलाइन हैं। मोदीनगर से 1,165 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 1,160 ऑफलाइन और पांच ऑनलाइन हैं। वहीं, धौलाना के आंशिक विधानसभा क्षेत्र से 144 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 138 ऑफलाइन और छह ऑनलाइन आवेदन शामिल हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को फार्म-6 भरने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों तक पहुंचने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button