कुलगाम में पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद बरामद
कुलगाम पुलिस ने सेना और अन्य एजेंसियों के साथ कार्रवाई करते हुए पांच आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 40 राउंड और तीन ग्रेनेड बरामद हुए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

श्रीनगर,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ कर उनके अन्य संपर्कों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, ख्रेवन चद्दर इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान तजामुल हुसैन मीर, रहमत अली नाइकू, तहरीम अहमद भट, मंजूर अहमद भट और किफायत अहमद डार को पकड़ा गया। इनके पास से दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 40 कारतूस और तीन ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर यह जानकारी मिली कि आरोपी आतंकियों के लिए सहयोगी के रूप में काम करते थे। पुलिस के अनुसार, वे आतंकियों तक सामान पहुंचाने और उनकी गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं उपलब्ध कराने में मदद करते थे। सुरक्षा एजेंसियां अब इनके संपर्कों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
इसी बीच उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भी सुरक्षा बलों ने हथियार और गोला-बारूद का एक जखीरा बरामद किया है। अधिकारियों के अनुसार, हंदवाड़ा के नगदा नार जंगल क्षेत्र में एक पुराने ठिकाने की सूचना मिलने पर हंदवाड़ा पुलिस और राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने पुराने ठिकाने का पता लगाया और उसे निष्क्रिय किया। वहां से एक एके-47 राइफल, तीन ग्रेनेड, 857 कारतूस, एक साइलेंसर, 83 पिस्तौल कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए। सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच कर रही हैं। दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई जारी है।




