फर्रुखाबाद में 80 लाख की चोरी का खुलासा, नाबालिग नौकर ने साथियों संग रची थी साजिश

फर्रुखाबाद में छपाई व्यापारी के घर हुई 80 लाख की चोरी का पर्दाफाश हो गया है। नाबालिग नौकर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था, जिन्हें चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

फर्रुखाबाद/उत्तर प्रदेश। मुहल्ला साहबगंज नारायणदास में छपाई व्यापारी राजेश साध के घर हुई करीब 80 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, व्यापारी के यहां काम करने वाले नाबालिग नौकर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मंगलवार देर रात नखास चौकी क्षेत्र स्थित एक खेत में दबिश देकर चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से नकदी और चोरी के जेवर बरामद किए गए हैं। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने घटना का खुलासा किया। चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
राजेश साध के घर से शनिवार रात चोर करीब 80 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें खुलासे में जुटी थीं। दो टीमें नोएडा और दिल्ली भी भेजी गई थीं। पुलिस ने व्यापारी के नाबालिग नौकर का मोबाइल निगरानी पर लगाया था। निगरानी शाखा से मिले इनपुट के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार देर रात नखास चौकी क्षेत्र के एक खेत में दबिश दी और नाबालिग नौकर समेत उसके तीन साथियों को पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि व्यापारी के यहां काम करने वाले नाबालिग नौकर ने चोरी की साजिश रची थी। उसने अपने साथी आशू निवासी गंगा दरवाजा टूटी पुलिया, थाना मऊदरवाजा, पप्पू मंडल निवासी कुलेसरा, थाना ईकोटेक, जनपद गौतमबुद्ध नगर और संदीप निवासी खानपुर टूटी पुलिया गंगा दरवाजा, थाना मऊदरवाजा को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों के पास से 14,820 रुपये नकद और चोरी के जेवर बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक नाबालिग नौकर करीब 15 दिन पहले भी व्यापारी के यहां से रुपये चुरा चुका था। इस पर व्यापारी ने उसे डांटा था। बाद में उसके माफी मांगने पर राजेश साध ने उसे दोबारा काम पर रख लिया था। इसके बाद नाबालिग ने बड़ी चोरी की साजिश रची।
शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग नौकर को व्यापारी के घर की पूरी जानकारी थी। उसे घर के चप्पे-चप्पे की जानकारी होने के साथ यह भी पता था कि तिजोरी और अलमारियों की चाबियां कहां रखी जाती हैं तथा जेवर किन-किन स्थानों पर रखे हैं। पुलिस के अनुसार, व्यापारी जब घूमने जाने की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने नौकर को भी साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन उसने साथ जाने से मना कर दिया था।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार चूड़ियां, छह कंगन, दो कड़े, नौ हार, आठ मोतियों के हार, कान के झुमके, दो मोबाइल फोन, सात चेन, 18 अंगूठियां, दो सोने की घड़ियां, 23 चूड़ियां, एक ब्रेसलेट, एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी पायल, एक सोने का सिक्का, चार जोड़ी कुंडल, दो मोती की मालाएं और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। पुलिस ने चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button