चित्रकूट में लालापुर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम का होगा पर्यटन विकास, 25.97 करोड़ रुपये से संवरेगा परिसर

चित्रकूट के लालापुर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम को 25.97 करोड़ रुपये से पर्यटन सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।

चित्रकूट/उत्तर प्रदेश। धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले लालापुर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। आश्रम परिसर और तमसा-गंगा नदी के तट पर विभिन्न परियोजनाओं के तहत करीब 25.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विकास कार्य पूरे होने के बाद लालापुर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आवागमन, प्रकाश, बैठने, छाया सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
तमसा-गंगा नदी पर वाल्मीकि घाट एवं पर्यटक सुविधाओं के विकास के लिए 9.05 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत घाट निर्माण के साथ पथ प्रकाश, बैठने के लिए बेंच, टीन शेड सहित अन्य पर्यटक सुविधाओं का विकास कराया जाएगा।
महर्षि वाल्मीकि आश्रम में 5.25 करोड़ रुपये की लागत से परिक्रमा पथ और आरती स्थल का निर्माण कराया जाएगा। परिसर में इंटरलॉकिंग, आंतरिक एवं बाहरी प्रकाश व्यवस्था, बेंच लगाने तथा सौंदर्यीकरण के कार्य भी होंगे। वहीं आश्रम परिसर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1.66 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
हनुमान मंदिर परिसर के विकास कार्यों में स्वागत द्वार, यात्री शेड, शौचालय ब्लॉक, पेवर ब्लॉक, कोटा स्टोन फ्लोरिंग, एसएस रेलिंग, बेंच, डस्टबिन और वाटर कूलर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके साथ ही मंदिर परिसर में म्यूरल एवं स्टोन आर्ट, साइनेज तथा आंतरिक और बाहरी प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
इसके अलावा प्रमुख धार्मिक स्थल रामशैया के पर्यटन विकास के लिए 1.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत बहुउद्देशीय भवन, शौचालय ब्लॉक, यात्री शेड और स्वागत द्वार का निर्माण कराया जाएगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए बेंच, डस्टबिन और वाटर कूलर लगाए जाएंगे। स्टोन प्लांटर प्लेटफार्म, कोटा स्टोन फ्लोरिंग, एसएस रेलिंग, पेवर ब्लॉक और साइनेज के साथ परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा।
बताया गया कि इससे पहले महर्षि वाल्मीकि आश्रम में 11.20 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन सुविधा केंद्र और करीब पांच करोड़ रुपये से अन्य विकास कार्य कराए जा चुके हैं। अब प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से परिसर में पर्यटन सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।
विधायक मानिकपुर अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने लालापुर पहुंचकर प्रस्तावित विकास स्थलों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य स्वीकृत आगणन और निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान स्थल के धार्मिक और ऐतिहासिक स्वरूप को ध्यान में रखा जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने रामशैया क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और रैन बसेरा के आसपास के क्षेत्र को भी प्रस्तावित परियोजना के तहत विकसित कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को बेहतर पर्यटन सुविधाओं से जोड़ते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button