एमएस पार्क थाना पुलिस और एएसबी सेल की संयुक्त कार्रवाई, शातिर स्नैचर गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा जिले के एमएस पार्क थाना पुलिस और एएसबी सेल की संयुक्त टीम ने एक शातिर लुटेरे एवं स्नैचर को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाजिम खान उर्फ राशिद के रूप में हुई है, जो पहले से ही लूट, स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट और हत्या जैसे 19 मामलों में संलिप्त रहा है।
पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को शिकायतकर्ता कंचन शर्मा ने थाना एमएस पार्क में अपनी सोने की चेन स्नैचिंग की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जो एसीपी सीमापुरी मुकेश कुमार की निगरानी और डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा के मार्गदर्शन में कार्य कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी चेहरा ढके हुए चेन स्नैचिंग कर अशोक नगर रेलवे क्रॉसिंग की ओर भागता हुआ दिखाई दिया। तकनीकी जांच और सूचनाओं के आधार पर टीम ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की, जिसका पंजीकरण नंबर DL8SCV0667 पाया गया।
मोटरसाइकिल के स्वामित्व की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर पहुंची और अंततः जानकारी मिली कि वाहन नाजिम खान के पास है। 21 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर नाथू चौक, 100 फुटा रोड के पास छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था तथा चोरी किए गए आभूषणों को कम कीमत पर बेच देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, हेलमेट, जूते और सनग्लासेस बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से एक स्नैचिंग के मामले का खुलासा हुआ है, जबकि अन्य मामलों में भी उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button