नंद नगरी थाना पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार; 198 क्वार्टर बोतलें, स्कूटी व 2 लाख रुपये बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

उत्तर पूर्वी दिल्ली। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नंद नगरी पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 198 क्वार्टर बोतल (35.640 लीटर) अवैध शराब, एक स्कूटी तथा 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जिन्हें अवैध कारोबार की कमाई बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9:35 बजे हेड कांस्टेबल सचिन, कांस्टेबल संजू और कांस्टेबल संजय की टीम ए-3 ब्लॉक सब्जी मंडी, नंद नगरी क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को स्कूटी पर आते हुए रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 198 क्वार्टर बोतल अवैध शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसवीर सिंह (20 वर्ष), पुत्र हरपाल सिंह, निवासी ए-3 ब्लॉक, नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह अवैध शराब सनी नामक व्यक्ति के लिए सप्लाई करता था, जो बी-ब्लॉक, नंद नगरी का रहने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत सनी के घर पर छापा मारकर 2,00,000 रुपये नकद बरामद किए, जिन्हें अवैध शराब बिक्री से अर्जित रकम माना जा रहा है। इस मामले में थाना नंद नगरी में एफआईआर संख्या 377/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/45/58 और बीएनएस की धारा 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सनी के परिवार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके पिता स्वर्गीय संजय क्षेत्र के बदमाश सूची (बीसी) में शामिल थे, जबकि उसकी मां रजनी भी क्षेत्र की घोषित बीसी है और उसके खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत 14 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी एक मोटर वाहन चोरी के मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल फरार सनी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा अवैध शराब के स्रोत और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button