मधु विहार पुलिस की बड़ी सफलता: सुबह-सुबह लूटपाट कर रहे दो आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम दे रहे दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 26 जून को तड़के करीब 3:10 बजे रोहित भारद्वाज नामक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल से नोएडा स्थित डेयरी प्लांट में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। कड़कड़ी मोड़ के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया, मारपीट की और उनका आईफोन-13, भूरे रंग का लेदर वॉलेट और फास्टट्रैक घड़ी छीन ली।
इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही मधु विहार थाना पुलिस टीम ने वारदात को होते हुए देखा। पुलिस को देखकर आरोपी स्कूटी से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस की तत्परता के चलते दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी लेने पर लूटा गया आईफोन-13, वॉलेट और घड़ी बरामद कर ली। इस संबंध में थाना मधु विहार में एफआईआर संख्या 0264/2026 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश शर्मा (20) और गौरव (22) के रूप में हुई है, जो शाहदरा क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं पाया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय गश्त और सतर्कता के कारण ही आरोपियों को तुरंत पकड़ा जा सका। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि सड़क अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button