गाजियाबाद के डॉक्टरों ने किया कमाल, डेढ़ साल के बच्चे की हार्ट सर्जरी कर दिया नया जीवन
गाजियाबाद में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत डेढ़ साल के बच्चे काव्या की जन्मजात हृदय रोग की सफल सर्जरी हुई।

गाजियाबाद। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक डेढ़ साल के बच्चे के हार्ट की सफल सर्जरी कराते हुए उसकी जान बचाई है। डिप्टी सीएमओ डॉक्टर रविन्द्र कुमार ने बताया कि इस बच्चे को जन्मजात हृदय रोग था। जिसकी समय से पहचान करते हुए डा चेतन वर्मा एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने पीजीआई चाइल्ड नोएडा में सफल सर्जरी कराई है। यह बच्चा काव्या विजयनगर के रहने वाले शशि कुमार का बेटा है और आर्थिक रूप से भी वह बेहद कमजोर है। वह अपने बेटे को लेकर विजयनगर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचा था,जिसमें चिकित्सकों ने सही समय पर सही निर्णय लेते हुए उसका सफल ऑपरेशन कराया है। बच्चा अब स्वस्थ है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत सभी जांच और सर्जरी निःशुल्क होती हैं। बताया गया है लेकिन टीम द्वारा चिन्हित किए गए एक वर्ष 10 माह के बच्चे काव्या का जन्मजात हृदय रोग (सी एच डी) का सफल ऑपरेशन कराया गया है।
बच्चे के पिता का नाम शशि कुमार और मां का नाम प्रीति है। बच्चे का वजन 10.6 किलोग्राम है । नोडल डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि विजयनगर आरबीएसके टीम के डॉ. चेतन वर्मा एवं डॉ. आकाश वत्स द्वारा बच्चे में जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) की पहचान की गई।
बच्चे को तुरंत चिन्हित कर पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ( पीजीआईसीएच), नोएडा में रेफर किया गया। पीजीआईसीएच नोएडा में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा बुधवार को बच्चे का सफल ऑपरेशन संपन्न कराया गया।
ऑपरेशन के बाद बच्चा अब पूर्णतः स्वस्थ है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 0-18 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात दोष, बीमारियों, कमियों व विकास संबंधी देरी की पहचान कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है। विजयनगर टीम लगातार फील्ड में जाकर बच्चों की स्क्रीनिंग कर रही है और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर इलाज मुहैया करा रही है।




