बैंकॉक से आ रही मॉडल हर्षा सनी मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, बैग से बरामद हुए 11 करोड़ से ज्यादा के ड्रग्स
मुंबई एयरपोर्ट पर 'मिसेज केरल' रनर-अप हर्षा सनी को 11.82 करोड़ रुपये के हाइड्रोपोनिक कैनबिस के साथ गिरफ्तार किया गया है। बैंकॉक से लौट रही मॉडल ने दावा किया कि उसे बैग में ड्रग्स होने की जानकारी नहीं थी, कस्टम विभाग मामले की जांच कर रहा है।

मुंबई/एजेंसी। मुंबई एयरपोर्ट पर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक मशहूर मॉडल और पिछले साल ‘मिसेज केरल’ पेजेंट की रनर-अप रहीं हर्षा सनी को कस्टम विभाग ने भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। बता दें कि 29 वर्षीय मॉडल हर्षा सनी बैंकॉक से मुंबई लौट रही थीं। एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने जब उनके सामान की जांच की, तो उनके ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद हुए। जांच में पता चला कि इन पैकेटों में ‘हाइड्रोपोनिक कैनबिस’ (विदेशी गांजा) भरा हुआ था। इतना ही नहीं मिली जानकारी के अनुसार बरामद किए गए ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11.82 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा पूछताछ के दौरान हर्षा ने दावा किया कि वह बैंकॉक ट्रिप के दौरान एक व्यक्ति से मिली थी, जिसने उसे दोस्ती का हवाला देकर यह बैग भारत ले जाने के लिए मनाया था। उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि बैग में क्या है।
मामले में कस्टम विभाग ने ड्रग्स को जब्त कर लिया है और हर्षा सनी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल, उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस तस्करी के पीछे कौन सा बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है और मॉडल का इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट से क्या सीधा संबंध है।




