राजस्थान में ऊर्जा मंत्री के सामने ही बीजेपी ऑफिस की बत्ती गुल,मोबाइल फ्लैशलाइट में चला रेल मंत्री का संबोधन

राजस्थान बीजेपी ऑफिस में आज अजीबोगरीब स्थिति बन गई। यहां केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मीडिया संवाद कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान लगभग 10 मिनट से ज्यादा के लिए भीषण गर्मी में बिजली गुल हो गई।

जयपुर/एजेंसी। राजस्थान भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उस समय असहज स्थिति बन गई जब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली कटते ही पूरे मीडिया हॉल में अंधेरा छा गया, जिसके बाद मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट के सहारे ही कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ा।
घटना के समय मंच पर रेल मंत्री के साथ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी मौजूद थे। कुछ देर तक बिजली बहाल होने का इंतजार करने के बाद ऊर्जा मंत्री हॉल से बाहर चले गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन तत्काल समाधान नहीं होने पर वह बाहर ही रहे। बाद में बिजली आने पर वह वापस हॉल में लौटे।
कार्यक्रम के दौरान कुल तीन बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जिसमें एक बार करीब 13 मिनट तक पूरी तरह अंधेरा रहा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को मोबाइल फ्लैशलाइट के बीच ही मीडिया को संबोधित करना पड़ा।
इस पूरे घटनाक्रम से पार्टी पदाधिकारियों के बीच असहजता का माहौल बना रहा और बाद में भी इसकी चर्चा होती रही। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के नाराज होने की भी जानकारी सामने आई है। कई पदाधिकारी बिजली कटने के कारणों को लेकर सवाल उठाते नजर आए।
मीडिया संवाद के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए उनकी आलोचना की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजनीति में तोड़फोड़ के काम ‘जादूगरों’ के होते हैं और वे अपना जादू करते रहें, जबकि भाजपा केवल विकास पर ध्यान देती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button