राजा मेवाती हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी जिले की एएटीएस टीम ने राजा मेवाती उर्फ अक्की उर्फ आकिब हत्याकांड में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह मामला एफआईआर संख्या 248/2026 के तहत थाना खजूरी खास में दर्ज है, जिसमें हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएटीएस टीम लगातार स्थानीय खुफिया जानकारी जुटा रही थी और विभिन्न सुरागों पर काम कर रही थी।
इसी दौरान आरोपी की लोकेशन और संलिप्तता की पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने एक सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मुस्तफाबाद निवासी 22 वर्षीय फरमान उर्फ समीर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वह स्कूटी भी बरामद की गई, जिसका उपयोग हत्या की वारदात में किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी थाना दयालपुर में दर्ज तीन अन्य मामलों में भी वांछित था। उसके आपराधिक इतिहास की जांच करने पर पता चला कि वह उत्तर प्रदेश में भी हत्या के प्रयास, गो-तस्करी और गैंगस्टर एक्ट जैसे मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।




