आईटी नौकरी छोड़ महिला बनी ऑटो चालक, 60 हजार मासिक आय के साथ पाई मानसिक शांति
एक महिला ने तनावपूर्ण आईटी नौकरी छोड़कर ऑटो-रिक्शा चलाना शुरू किया। अब वह हर महीने 60,000 रुपये कमाती है और मानसिक शांति के साथ खुश है।

नई दिल्ली/एजेंसी। जहां एक ओर युवा वर्ग उच्च वेतन और आरामदायक कॉरपोरेट नौकरियों की ओर आकर्षित हो रहा है, वहीं एक महिला ने मानसिक शांति और बेहतर जीवन संतुलन के लिए आईटी कंपनी की नौकरी छोड़कर ऑटो-रिक्शा चलाने का अनोखा निर्णय लिया है। हैरानी की बात यह है कि इस बदलाव के बाद वह प्रति माह करीब 60 हजार रुपये की कमाई कर रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अपनी आईटी नौकरी के दौरान लगातार काम के दबाव, लंबे कार्य समय और निजी जीवन में संतुलन की कमी से परेशान थीं। इसी कारण उन्होंने नौकरी छोड़कर ऑटो-रिक्शा चलाने का निर्णय लिया। अब वह अपनी सुविधा और समय के अनुसार काम करती हैं, जिससे उन्हें मानसिक सुकून मिला है। महिला के इस फैसले ने लोगों को चौंकाया जरूर, लेकिन उनके लिए यह कदम सफल साबित हुआ है। वह पहले की तुलना में अधिक संतुष्ट और खुश महसूस कर रही हैं।
सोशल मीडिया पर उनकी कहानी तेजी से वायरल हो रही है और लोग उनके साहस की सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कॉरपोरेट जीवन के तनाव और दबाव को लेकर अपनी राय साझा की है। एक उपयोगकर्ता ने बताया कि आईटी क्षेत्र में 18 वर्षों तक काम करने के बावजूद उन्हें लगातार मीटिंग्स, लंबी कॉल्स और देर रात तक काम करने की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं एक अन्य यूजर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उसने भी नौकरी छोड़कर ऑटो-रिक्शा चलाना शुरू किया था और धीरे-धीरे अपने व्यवसाय को बढ़ाते हुए पांच ट्रक खरीद लिए तथा करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली। इसके बावजूद वह आज भी ऑटो चलाना जारी रखे हुए है। यह उदाहरण दर्शाता है कि पारंपरिक करियर विकल्पों से हटकर भी सफलता और संतुष्टि हासिल की जा सकती है, बशर्ते व्यक्ति अपने निर्णयों पर विश्वास रखे।




