आकस्मिक निरीक्षण में कलेक्टर सख्त: सिविल अस्पताल की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश, खुद कराया रक्त परीक्षण

शैलेश जैन,एमसीबी/छत्तीसगढ़। जिले की कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने मंगलवार को 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से भी संवाद किया और उन्हें अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें जनभागीदारी भी आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अटल आरोग्य लैब भी पहुंचीं, जहां उन्होंने उपलब्ध मशीनों, जांच सुविधाओं और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से कलेक्टर ने स्वयं अपना रक्त परीक्षण कराकर लैब की कार्यप्रणाली और जांच प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया, जिससे व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का वास्तविक आकलन किया जा सके। इस दौरान एसडीएम लिंगराज सिदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, अस्पताल प्रबंधक डॉ. स्वप्निल तिवारी एवं डीपीएम शिशिर जायसवाल भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button