ऑपरेशन सिंदूर के रणनीतिकार अजय कोचर बने नौसेना के नए उप प्रमुख

वाइस एडमिरल अजय कोचर ने भारतीय नौसेना के 48वें उप प्रमुख का पदभार संभाला है। उन्हें समुद्री सुरक्षा और युद्ध रणनीति में लंबा अनुभव है, और वे 'ऑपरेशन सिंदूर' के रणनीतिकार रहे हैं।

नई दिल्ली/एजेंसी। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नौसैनिक तैयारियों की रणनीति संभालने वाले वाइस एडमिरल अजय कोचर ने शुक्रवार को नौसेना के 48वें उप प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनके पास समुद्री सुरक्षा, युद्ध रणनीति और उच्च स्तरीय नौसैनिक संचालन का लंबा अनुभव माना जाता है, जिससे उन्हें नौसेना के दूसरे सबसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पद संभालने से पहले वाइस एडमिरल कोचर अंडमान और निकोबार कमांड के कमांडर-इन-चीफ रह चुके हैं।
यह भारत की एकमात्र त्रि-सेवा संयुक्त कमान है, जो देश के रणनीतिक समुद्री क्षेत्रों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाती है। इससे पहले उन्होंने पश्चिमी नौसेना कमान में चीफ आफ स्टाफ रहते हुए आपरेशन सिंदूर के दौरान महत्वपूर्ण समुद्री तैनाती और रणनीतिक संचालन का नेतृत्व किया था।
वाइस एडमिरल अजय कोचर, वाइस एडमिरल संजय वत्सयान का स्थान लेंगे, जिन्हें पश्चिमी नौसेना कमान का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। पुणे स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र. वाइस एडमिरल अजय कोचर एक जुलाई, 1988 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। वे गनरी और मिसाइल सिस्टम्स के विशेषज्ञ माने जाते हैं। अपने करियर में उन्होंने कई प्रमुख युद्धपोतों की कमान संभाली, जिनमें आइएनएस नाशक, आइएनएस विभूति और आइएनएस कृपाण शामिल हैं। वे फ्रिगेट आइएनएस त्रिकंड के कमीशनिंग कमांडिंग आफिसर भी रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने विमानवाहक पोत आइएनएस विक्रमादित्य की कमान संभाली, जिसके दौरान इसके एयर विंग का सफल एकीकरण और संचालन सुनिश्चित किया गया। नौसेना के अनुसार, वाइस एडमिरल ने वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कालेज, गोवा स्थित नेवल वार कालेज और ब्रिटेन स्थित रायल कालेज आफ डिफेंस स्टडीज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है और नौसेना मुख्यालय में प्रमुख रणनीतिक और नीति-उन्मुख स्टाफ भूमिकाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। नौसेना स्टाफ के वाइस चीफ का कार्यभार संभालने से पहले वाइस एडमिरल अजय कोचर ने दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देकर सम्मान व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button