न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने सिग्नेचर ब्रिज लूटकांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल, लैपटॉप व दस्तावेज बरामद

उत्तर पूर्वी दिल्ली। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का लूटा गया बैग, मोबाइल फोन, लैपटॉप और दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार 12/13 मई 2026 की रात न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर ब्रिज के पास लूट की घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को शिकायतकर्ता मनीष कुमार मिश्रा (31), निवासी बुराड़ी ने बताया कि वह स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी सिग्नेचर ब्रिज के पास एक व्यक्ति ने उन्हें रुकने का इशारा किया। जैसे ही उन्होंने स्कूटी रोकी, उक्त व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिलकर उनका मोबाइल फोन, नकदी और बैग जिसमें लैपटॉप व जरूरी दस्तावेज थे, लूटकर फरार हो गया।
इस संबंध में थाना न्यू उस्मानपुर में एफआईआर संख्या 296/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एसएचओ इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान निखिल (25) पुत्र रामदास निवासी भजनपुरा, सोनू उर्फ खेतवाला (28) पुत्र महिपाल निवासी सोम बाजार, न्यू उस्मानपुर और अमर (25) पुत्र दौलत राम निवासी राम पार्क, लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया बैग, मोबाइल फोन, लैपटॉप और दस्तावेज बरामद कर लिए। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इसी तरह के कई मामलों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।




