मुलायम के बेटे प्रतीक यादव का निधन: राजनीति से दूर, फिटनेस और स्पोर्ट्स कारों के थे शौकीन

सपा मुखिया अखिलेश यादव के सौतेले भाई और मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का लखनऊ के अस्पताल में निधन हो गया। वे राजनीति से दूर रहकर फिटनेस और व्यवसाय में व्यस्त रहते थे, स्पोर्ट्स कारों के भी शौकीन थे।

लखनऊ/एजेंसी। सपा मुखिया अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव अपने जीवन में राजनीति से दूर रहे। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह 38 साल की उम्र में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। ऐसे में उनकी बीमारियों को लेकर लखनऊ के मेदांता अस्पताल ने भी तस्वीर साफ की है।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का मेदांता अस्पताल में ही इलाज होता था। मेदांता अस्पताल की मेडिसिन विभाग की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. रुचिता शर्मा ने बताया कि हमें प्रतीक यादव के निधन की खबर मिली है। इस खबर से हम बहुत दुखी हैं। उन्होंने बताया कि प्रतीक यादव का हमारे अस्पताल में इलाज चलता था। वह हमारे अस्पताल में ही इलाज कराते थे।
उन्होंने कहा कि मैं उनका काफी समय से हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों का इलाज कर रही थी। कुछ ही दिन पहले ही उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज्म होने के बाद यहां भर्ती कराया गया था। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें खून का थक्का धमनियों में पहुंचकर वहीं फंस जाता है। उनके फेफड़ों में रुकावट के कारण ही उनके हार्ट पर अधिक लोड पड़ रहा था और दिल पर बुरा असर पड़ा था। डॉ. रुचिता शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले वह सांस लेने में दिक्कत और सांस से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत लेकर यहां आए थे, और उसी समय उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज्म का पता चला था।
प्रतीक यादव अपने व्यवासायिक जीवन में व्यस्त रहते थे। लखनऊ में उनके अपने जिम हैं साथ ही खुद फिटनेस ट्रेनर भी थे। उनका राजनीति से कोई नाता नहीं रहा। नवम्बर, 2012 में कुछ सपा कार्यकर्ता सपा कार्यालय में घुसकर लोकसभा चुनाव में प्रतीक को आजमगढ़ से टिकट दिए जाने की मांग करने लगे थे। प्रतीक की मां और मुलायम की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता और चाचा शिवपाल ने भी इस बात का समर्थन किया था, हालांकि तब प्रतीक को टिकट नहीं दिया गया।
प्रतीक यादव मीडिया और राजनीति से दूर ज्यादातर समय शारीरिक और मानसिक फिटनेस में लगाते थे। बता दें कि अपर्णा यादव भाजपा नेता होने के साथ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और प्रतीक यादव सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई। वे मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता की संतान हैं। मुलायम सिंह ने सार्वजनिक रूप से प्रतीक को अपना बेटा बताया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button