टेलीग्राम पर वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 8 करोड़ ठगे, दिल्ली में अंतरराज्यीय गिरोह के 14 जालसाज दबोचे

राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह टेलीग्राम के माध्यम से फर्जी नौकरी का लालच देकर लोगों से 8 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका था।
दिल्ली ब्यूरो। राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले में साइबर ठगी के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। Delhi Police के डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि यह गिरोह टेलीग्राम के जरिए संगठित तरीके से ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे रहा था।
डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को गीता कालोनी स्थित एक होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर छापेमारी की गई, जहां से अलग-अलग राज्यों के 12 आरोपितों को पकड़ा गया। पूछताछ और जांच के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया गया, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14 हो गई।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपित इंटरनेट मीडिया और नौकरी पोर्टल के जरिए लोगों को फर्जी नौकरी, घर से काम और अधिक वेतन का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम पर ले जाकर पंजीकरण शुल्क, सुरक्षा जमा और अन्य बहानों से पैसे वसूले जाते थे।
डीसीपी ने कहा कि गिरोह ठगी की रकम को छिपाने के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। एक खाते से 40 से अधिक शिकायतें जुड़ी मिली हैं, जिनमें करीब 1.5 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ, जबकि एक एटीएम कार्ड तीन करोड़ रुपये की ठगी से संबंधित पाया गया। कुल मिलाकर आठ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के साक्ष्य मिले हैं।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान 18 मोबाइल फोन, 19 सिम कार्ड, एक लैपटाॅप, तीन एटीएम कार्ड, चार चेकबुक और दो मुहर बरामद की गई हैं। साथ ही टेलीग्राम चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जो इस पूरे नेटवर्क के संगठित होने की पुष्टि करते हैं।




