शास्त्री पार्क मर्डर केस का पर्दाफाश, सात मामलों में लिप्त आरोपी पकड़ा गया

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना शास्त्री पार्क क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। घटना आज तड़के लगभग 1:30 बजे की है, जब शास्त्री पार्क स्थित फिश मार्केट, बुलंद मस्जिद के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया। घायल व्यक्ति की पहचान फकरुद्दीन (50 वर्ष), पुत्र नासिर अहमद, निवासी बुलंद मस्जिद, शास्त्री पार्क, दिल्ली के रूप में हुई। परिजन उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना शास्त्री पार्क में इस संबंध में एफआईआर संख्या 135/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
शास्त्री पार्क थाना एसएचओ इंस्पेक्टर मंजीत तोमर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लगातार प्रयास करते हुए अहम सुराग जुटाए और हत्या में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मोहसिन (34 वर्ष), पुत्र रहीसुद्दीन, निवासी कबीर नगर, बाबरपुर, दिल्ली के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतक से विवाद चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि मोहसिन पहले सात आपराधिक मामलों—मारपीट, चोरी और लूट—में शामिल रह चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है।




