नगर परिषद डोला के तुर्रा धाम में आयोजित हुआ जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा कार्यक्रम

महिलाओं का हुआ सम्मान, कुपोषित बच्चों को वितरित किए गए पोषण किट

अनूपपुर जिले के डोला स्थित तुर्रा धाम में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं को महिलाओं के आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक सशक्तिकरण का माध्यम बताया। कार्यक्रम में कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित किए गए।

सुमिता शर्मा,अनूपपुर/मध्य प्रदेश। अनूपपुर जिले के डोला स्थित तुर्रा धाम में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन की कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित महिला हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं को आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, इसके बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मंत्री का शाल और श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया। इस दौरान कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित किए गए और आत्मनिर्भर बनी महिला मीरा का सम्मान किया गया।
कलेक्टर हर्षल पंचोली और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों और सशक्तिकरण के विषय में जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती मंजूषा शर्मा ने बाल विवाह रोकने की अपील करते हुए कहा कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी सतीश जैन ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button