‘सीजफायर टूटा तो समझो सब कुछ खत्म, अमेरिकी सेना युद्ध के लिए फिर से तैयार’, टॉप अमेरिकी जनरल

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। अमेरिका और ईरान के बीच मंगलवार, 7 अप्रैल की रात सीजफायर का एलान किया गया था। लेकिन इस बात को एक दिन भी नहीं हुआ है और अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ फिर से युद्ध छेड़ने की चेतवानी दे दी है। अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि ईरान के सीजफायर का पालन न करने की स्थिति में अमेरिकी सेना फिर से युद्ध शुरू करने के लिए तैयार है।
फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान में इजरायल के हमलों के कारण ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट के माध्यम से तेल टैंकरों के मार्ग को रोक दिया है। फार्स की रिपोर्ट है कि ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के बाद आज सुबह दो तेल टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी थी, लेकिन अब इस रास्ते को फिर बंद कर दिया है।
ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इजरायल ने लेबनान पर हमले किए हैं। इन हमलों के बाद ईरान ने धमकी दी है कि इजरायल ने लेबनान पर हमले जारी रखे तो वह मौजूदा युद्ध विराम समझौते से हट जाएगा। ईरान की तरफ से आए इस बयान के बाद अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि अगर सीजफायर का पालन नहीं किया गया तो अमेरिकी सेना भी युद्ध करने के लिए तैयार है।




