गाजियाबाद के खोड़ा में सर्वे में मिलीं 5165 अवैध बहुमंजिला इमारतें, सीलिंग की हो सकती है कार्रवाई

गाजियाबाद। खोड़ा में भवन निर्माण के नियम तय न होने के कारण लोग धड़ल्ले से मानक से ज्यादा बहुमंजिला इमारतें बना रहे हैं। बिना किसी स्पष्ट नियम और निगरानी के लोगों ने पांच से छह मंजिल तक की इमारतें खड़ी कर दी हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कई निवेशकों ने बहुमंजिला इमारत बनाकर फ्लैट बेच दिए या किराये पर दे दिए और इसके बाद क्षेत्र छोड़ दिया। ऐसे भवनों पर कार्रवाई के लिए नगर पालिका का सर्वे पूरा हो गया है। इसमें करीब 5,165 अवैध बहुमंजिला इमारतें थीं।
सर्वे में मिलीं अवैध इमारतें पांच और छह मंजिल तक बनाई गई हैं जबकि नियम भूतल के साथ अधिकतम तीन मंजिल बनाने का है। अब नगर पालिका परिषद की ओर से नोटिस देने के साथ ही सीलिंग की कार्रवाई की जा सकती है। सर्वे में 31 हजार मकान चार मंजिल के मिले हैं।
बीते दिनों खोड़ा में एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई थी। इसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही मानकों के विपरीत बनने वाली बहुमंजिला इमारतों का सर्वे करा कार्रवाई को लेकर कवायद शुरू हो गई थी।
किसी भी इमारत का नक्शा पास नहीं
नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने बताया कि खोड़ा में भवन निर्माण के नियम तय न होने के कारण यहां अब तक किसी भी इमारत का नक्शा पास नहीं हुआ है। विकासकर्ता धड़ल्ले से बिल्डर फ्लैट तैयार कर रहे हैं।
शासन से नियम बनाने की मांग
नगर पालिका परिषद ने इस समस्या के समाधान के लिए पहले ही शासन को पत्र भेजकर भवन निर्माण के स्पष्ट नियम लागू करने की मांग की थी, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बीते दिनों मानक से ज्यादा बनी बहुमंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों की मौत होने के बाद नगर पालिका परिषद की ओर से दोबारा शासन को पत्र भेजा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button