मुंबई में डेंटिस्ट छात्रा ने किया सुसाइड; ‘श्रद्धा वालकर हत्याकांड’ से कैसे जुड़ी कहानी?
बॉयफ्रेंड के मानसिक उत्पीड़न और चरित्र पर शक से परेशान थी

कांती जाधव/मुंबई ब्यूरो। मुंबई से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक दंत चिकित्सा (डेंटिस्ट) की छात्रा, स्तुति सोनेवाल ने कथित तौर पर अपने बॉयफ्रेंड द्वारा मानसिक उत्पीडन की वजह से आत्महत्या कर ली।
स्तुति के कमरे से मिले छह पन्नों के सुसाइड नोट के मुताबिक, वह एक रिलेशनशिप में थी और उसका प्रेमी उस पर बेवफाई का शक करता था। वह उसके कैरेक्टर पर सवाल उठाता था। नोट में उसने यह भी लिखा है कि इसी वजह से उनका रिश्ता खराब हो गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सुसाइड नोट में दिल्ली के खौफनाक ‘श्रद्धा वालकर हत्याकांड’ का भी जिक्र है, जिसमें 27 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके प्रेमी आफताब पूनावाला ने हत्या कर दी थी। महिला के शरीर के टुकड़े आफताब के फ्रिज से बरामद किए गए थे।
स्तुति के आत्महत्या नोट में लिखा है कि उसके दोस्त उसके प्रेमी के साथ उसकी परेशानियों के बारे में जानते थे और अक्सर मजाक में कहते थे, ‘एक दिन तुम फ्रिज में मिलोगी।’
बता दें, स्तुति मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में अपने माता-पिता और बहन के साथ रहती थी। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो उसके माता-पिता ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
जब उन्होंने उसके कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो वह छत से लटकी हुई मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उसके प्रेमी की भूमिका की जांच कर रही है और उसके परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है।




