डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कौशांबी में दो दिवसीय सरस महोत्सव का किया शुभारम्भ
'2047 तक न सपा और न ही कांग्रेस की बनेगी सरकार', उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशांबी में किया दावा

सचिन पाण्डेय,कौशांबी/उत्तर प्रदेश। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का शनिवार को जनपद आगमन हुआ। वह सिराथू विधान सभा क्षेत्र के सयारा में आयोजित दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस मंच के माध्यम से बड़ा संदेश दिया। दावा किया कि वर्ष 2047 तक न सपा और न ही कांग्रेस की सरकार बनेगी।
इस दौरान मीडियाकर्मियों से डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने बातचीत की। यह पूछने पर कि अखिलेश यादव कह रहे हैं कि जब भाजपाई जाएंगे तभी महंगाई कम होगी, के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव राजनीतिक वनवास के कारण फ्रस्टेशन का शिकार हैं। उन्हें लग रहा था कि वर्ष 2027 में साइकिल चल पड़ेगी लेकिन बिहार के चुनाव में साइकिल की हवा निकल गई। वह सैफई तक नहीं पहुंच पाएगी।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवार की महिलाएं समूह से जुड़ें, वह लखपति दीदी बनें। इससे उनके घर की आर्थिक स्थिति मजबूत होगा और परिवार का जीवन स्तर बढ़ेगा। बोले कि डबल इंजन की सरकार में गरीबों को अमीर बनाने के लिए पैसे की कमी नहीं है। यहां पर हर विभागों के स्टाल लगे हैं। आवास, वृद्धावस्था, विधवा पेंशन, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन कर लोग योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।





