प्रतिबंध का असर नहीं, चाइनीज मांझे से लखनऊ में रिटायर्ड फौजी गंभीर रूप से चोटिल

लखनऊ/उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त रुख के बाद भले ही लखनऊ की पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है, लेकिन इसका प्रयोग नहीं रुक पा रहा है। राजधानी में बुधवार को चाइनीज मांझे के कारण एक युवक की मौत के बाद गुरुवार को चाइनीज मांझे से रिटायर्ड फौजी गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं।
लखनऊ में चाइनीज मांझे का कहर बढ़ता ही जा रहा है। 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब की बुधवार को चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के कारण मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्ती की, लेकिन मांझे का कहर थमने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है।
लखनऊ में 24 घंटे के भीतर ही चाइनीज मांझे का दूसरा निशाना एक रिटायर्ड फौजी बने। गोमतीनगर विस्तार में गुरुवार को चाइनीज मांझे से रिटायर्ड फौजी की ठोड़ी और होंठ तक पर काफी लंबा घाव हो गया है। उनको गोमतीनगर विस्तार के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोमती विस्तार के शहीद पथ पर गुरुवार को चाइनीज मांझे की चपेट में आने से पूर्व एयरफोर्स कर्मी बृजेश राय घायल हो गए। यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पुलिस एक्टिव, लखनऊ में पतंग की दुकानों पर छापेमारी
अर्जुनगंज की सरजू नगर कालोनी निवासी बृजेश राय घर से निजी काम के लिए गोमती नगर जा रहे थे। इसी बीच वह हादसे का शिकार हो गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उपचार दिया है।





