कानपुर में कानून बेबस? दबंगों ने युवक को 22 थप्पड़ और घूंसे मारकर की फायरिंग

कानपुर/उत्तर प्रदेश। काकादेव में सोमवार रात दबंगों ने 39 सेकेंड में एक युवक को एक के बाद एक 22 थप्पड़ और घूंसे जड़े। युवक के साथ मारपीट और आरोपितों द्वारा फायरिंग करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो गया। शोर सुनकर पास ही स्थित एक रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने बीच–बचाव किया। जिसके बाद दबंग युवक को धमकाते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर काकादेव पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है।
गीतानगर निवासी अमन सोनकर बीकाम का छात्र है। उसने बताया कि सोमवार रात वह अपने दोस्तों के साथ पांडु नगर स्थित मानस मंच पार्क के पास चाय पीने के लिए गया था। तभी पार्क के पास ही स्थित गली में कुछ युवक शराब पी रहे थे। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने उनके साथ गाली–गलौज की, जिसका विरोध करने पर आरोपितों ने तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए दौड़ा लिया।
अमन ने बताया कि जान बचाकर वह पांडु नगर स्थित सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचा तो पीछा करते हुए आए दबंगों ने उसे घेर लिया और उसे जमकर पीटा। शोर सुनकर रेस्टोरेंट के कर्मचारी बाहर आए और उसे बचाया। इस पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इलाकाई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित कर दिया।
बता दें कि 26 जनवरी को तलवार लेकर बाइक रैली निकालने का भी वीडियो वायरल हुआ था। दबंग युवक बेखौफ बाइक में बैठकर तलवार को लहरा रहा था। साथ ही कई युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button