सरकंडी बवाल में लापरवाही बरतने पर असोथर थाना एसएचओ अभिलाष तिवारी निलंबित

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। सरकंडी बवाल में पुलिस की ओर से लापरवाही बरते जाने पर बृहस्पतिवार को एसपी अनूप कुमार सिंह ने असोथर थाना एसएचओ अभिलाष तिवारी को निलंबित किया है। पुलिस की ओर से बवाल की आशंका के बावजूद भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। यह बड़ी चूक मानी जा रही है।
असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर बुधवार को प्रधान और शिकायतकर्ता पक्ष भिड़े थे। पुलिस की कार्यशैली मामले को लेकर लचर दिखाई दी। पुलिस बवाल में कई लोगों के घायल होने के बाद पहुंची थी। इसके अलावा पुलिस एक पक्ष से प्रभावित नजर आई। पुलिस की ओर से प्राथमिकी भी मामूली धाराओं में दर्ज की गई। एसपी ने बवाल की जांच के एएसपी महेंद्र पाल सिंह को निर्देश दिए थे। जांच में थानाध्यक्ष की चूक मानी गई। एसपी ने शाम को थानाध्यक्ष को निलंबित किया। जहानाबाद में तैनात रहे धीरेंद्र ठाकुर को असोथर थाने की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी पीआरओ मनीष कुमार सिंह को थानाध्यक्ष जहानाबाद बनाया गया है।
अभिलाष तिवारी पूर्व में कौशाम्बी जिले में अझुवा चौकी इंचार्ज थे। करीब पांच साल पहले एसटीएफ प्रयागराज ने पशु तस्करों पर कार्रवाई की थी। कार्रवाई में पुलिस कर्मियों पर जांच बैठी थी। जांच में कौशाम्बी और जिले के 30 से अधिक पुलिस कर्मियों की संलिप्तता पाई गई थी। इसमें अभिलाष समेत कई पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button