शाहदरा साइबर पुलिस ने एयरलाइन में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले रैकेट का किया पर्दाफाश

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा जिले की साइबर पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने एयरलाइंस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला से ठगी की थी। आरोपी रोहित मिश्रा (35) को गाजियाबाद की आदित्य वर्ल्ड सिटी से गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से एक फोन, विस्तारा एयरलाइंस के फर्जी लोगो, फर्जी एलओआई (लेटर ऑफ इंटेंट) और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। डीसीपी जिला शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया कि एक महिला के बयान पर शाहदरा साइबर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। महिला ने शिकायत में बताया था कि उसके पास विस्तारा एयरलाइंस के नाम से बनी ई-मेल आईडी से एक मेल आया था। मेल में नौकरी लगवाने का दावा किया गया था।
औपचारिकता के नाम पर महिला से दस्तावेज लिए गए और फिर उन्हें एलओई भेज दिया। इसके बाद उनसे जॉइनिंग फीस, यूनिफॉर्म आदि के नाम पर रुपये लिए गए। हालांकि महिला से कितने रुपये ठगे गए, इस पर डीसीपी की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित मिश्रा पहले भी ठगी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली क्राइम ब्रांच में धोखाधड़ी और जालसाजी के कई केस दर्ज हैं। इससे साफ है कि वह एक संगठित साइबर ठगी नेटवर्क का हिस्सा है।
मामले में केस दर्ज किया गया और टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया और गिरफ्तार किया। डीसीपी प्रशांत गौतम ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन नौकरी के झांसे में न आएं और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें। साथ ही फ्रॉड की स्थिति में साइबर क्राइम की हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button